वाराणसी। 22 अप्रैल यानी कि विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर स्वच्छांजलि कूड़ा बाजार फाउंडेशन द्वारा ृप्लोगेथॉन 3.0 का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रुप से अजंता शूज़, एडमायबिन, सनबीम सनसिटी, इतिहास एली कैफे, चेतमनी एवं बनारस पोशाक सहयोगी भूमिका में रहे।
600 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा-
वाराणसी के रविदास घाट पर शाम 4 बजे आयोजित हुए प्लोगेथॉन 3.0 में लगभग 600 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने गंगा तट पर प्लॉगिंग करते हुए सामूहिक रूप से लगभग 439 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसीपी विदुष सक्सेना रहें, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा इस प्रकार के स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों की सराहना की।

फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश-
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
स्वच्छांजलि कूड़ा बाजार फाउंडेशन के संस्थापक गौरव मिश्रा ने क्या कहा-
संस्थापक गौरव मिश्रा ने बताया कि “विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित प्लोगेथॉन 3.0 का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि पृथ्वी को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं, और आज का यह अभियान उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।”

उन्होंने आगे बताया कि इस प्रकार के अभियान न केवल गंगा नदी की स्वच्छता में सहयोग करते हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Leave Your Comment