logo

पीएम मोदी ने बिहार दौरे पर लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के योजनाओं का शिलान्यास किया, कहा- अब जेल जाने वाला कुर्सी पर नहीं बैठ सकता

PM Modi laid the foundation stone of schemes worth about 13 thousand crores during his Bihar visit, said- now those who go to jail cannot sit on a chair

WRITER- अनिल मिश्र


गया/बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को  दिल्ली से चलकर करीब पौने ग्यारह बजे गया एयरपोर्ट से सीधे बोधगया के मगध विश्वविद्यालय पहुंचे। बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय के प्रांगण में आयोजित जनसभा को उन्होंने संबोधित किया। इस दौरान मंच पर लोगों ने उनका जोरदार गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर बिहार प्रदेश के महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी,  केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी,  रामनाथ ठाकुर,सतीश चंद्र दुबे, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री जीवेश मिश्रा, लोक मोर्चा के संयोजक उपेंद्र कुशवाहा, मंत्री संतोष कुमार सुमन, विधायक वीरेंद्र सिंह, बेलागंज के विधायक मनोरमा देवी, दीपा मांझी, ज्योति मांझी,  टिकारी के विधायक डॉ अनिल कुमार सहित  एनडीए के कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पीएम मोदी ने लगभग 13 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया-

इस दौरान आयोजित इस महती जनसभा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 13 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।इस दौरान उन्होंने मंच से ही गया से दिल्ली तक जाने वाली  एक अमृत भारत ट्रेन व वैशाली से कोडरमा के लिए चलने वाली मेमू ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण भी किया। इस दौरान उन्होंने आवास योजना के तहत कई लाभार्थियों को उनके मकान की चाभी को भी सौंपा।इस मौके पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गया जी भगवान बुद्ध की ज्ञान और शांति की भूमि है।ऐसे में आज यहां लगभग 13000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है, जो निश्चित रूप से अपने आप में बड़ी बात है। इसका लाभ यहां के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों ने हमसे कहा था कि गया का नाम गयाजी होना चाहिए और अब लोग गया को गयाजी के ही नाम से जानने लगे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा भी बिहार में व्यापक कार्य किया जा रहा है और केंद्र की सरकार उनकी हरसंभव मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि 13000 करोड़ की योजनाओं में आवास, जलापूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य सहित अन्य कई चीजें शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को गयाजी में कहा है कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल घुसपैठियों के लिए कुछ भी कर सकती है, किसी भी हद तक जा सकती है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने 15 अगस्त जिस डेमोग्राफी मिशन को शुरू करने की घोषणा की थी, वो जल्द काम शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार घुसपैठियों को देश का भविष्य नहीं तय करने देगी बल्कि उन्हें देश से बाहर करेगी।वहीं उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ये पार्टियां जनता को दिग्भ्रमित करने का कार्य करती है. जब इन लोगों को कार्य करने का मौका मिला, तो इन लोगों के समय में नरसंहार और लूट की घटनाएं होती थी। माओवादियों का राज होता था, लेकिन हमारे शासनकाल में विकास का कार्य हुआ है। बिहार को केंद्र के द्वारा करोड़ों की योजनाएं दी गई है जिसका परिणाम देखने को मिल रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं दी गई है. आने वाले समय में भी केंद्र सरकार द्वारा अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। बिहार में डबल इंजन की सरकार है। आने वाले समय में बिहार का विकास और ज्यादा होगा।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना-बेगूसराय को जोड़ने वाले औंटा-सिमरिया 6 लेन केबल ब्रिज का उद्घाटन कर दिया है। गयाजी के बाद वह पटना जिले की सीमा पर औंटा के पास आए और फिर इस ब्रिज तक गाड़ी से आने के बाद पैदल चलकर पुल के ऊपर से ही नीचे की तरफ स्वागत में खड़े लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी थे। इस मौके पर दोनों ने एक साथ बेगूसराय की जनता का अभिनंदन किया।

Leave Your Comment

 

 

Top