नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्ता के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने सोमवार को एक बड़ी जीत हासिल किया है। टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को तीसरे ही दिन पीट दिया। मैच शनिवार से शुरू हुआ था और सोमवार दोपहर में ही खत्म हो गया। तीसरे दिन का तीसरा सेशन खत्म भी नहीं हुआ था कि इससे पहले ही टीम ने मैच अपने नाम कर लिया। भारत ने इस मैच को शुभमन गिल की कप्तानी में पारी और 300 रन से अपने नाम कर लिया। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत की अब तक की ये सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारत ने अब से करीब आठ साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। जब भारत ने वेस्टइंडीज को हराया था।

बता दें कि भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को सबसे ज्यादा रनों से हराने से पहले साल 2018 में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था। वो मुकाबला राजकोट में खेला गया था। अब भारत ने इस मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया है। इससे पहले भारत ने साल 2018 में जब अफगानिस्तान को बेंगलुरु में हराया था, तब वो जीत पारी और 262 रनों की थी। ऐसे में भारत द्वारा अफगानिस्तान पर यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है और एक रिकॉर्ड भी।
शनिवार, 6 जून को शुरु हुए टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाए थे। इसमें कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान केएल राहुल के शतक आए। इसके अलावा ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर ने अर्धशतक लगाए। भारत ने एक पारी में जितने रन बनाए थे, अफगानिस्तान की टीम दोनों पारियों में मिलाकर भी उतने रन नहीं बना पाई। अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 152 रन बना सकी और उसके बाद दूसरी पारी में केवल 112 रन ही बना सकी।
टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी में कमाल किया और इसके बाद गेंदबाजों ने मोर्चा संभाला। पहली पारी में डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने 22 ओवर में छह विकेट चटकाए। उनके अलावा प्रसिद्ध को तीन और एक विकेट सुंदर को मिला। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर को चार विकेट मिले। उनके अलावा कुलदीप यादव ने तीन और एक एक विकेट मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को भी मिला।
भारत और अफगानिस्तान के बीच एक ही टेस्ट मैच था, लेकिन दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। अब तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। इसका पहला मैच 13 जून को होना है। इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही हो गया है। चोट के कारण विराट कोहली पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है।
Leave Your Comment