logo

विनायक दामोदर सावरकर के परपोते ने सोनिया गांधी को भेजा कानूनी नोटिस, किताब में अपमानजनक बातें लिखे जाने का लगाया आरोप

Vinayak Damodar Savarkar’s great-grandson has sent a legal notice to Sonia Gandhi, alleging that defamatory remarks were made in a book.

नई दिल्ली:  कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। हालांकि, उनकी इस किताब को लेकर काफी विवाद भी खड़े हो रहे हैं। अब विनायक दामोदर सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर के बारे में अपमानजनक बातें लिखे जाने का आरोप लगाते हुए ये नोटिस भेजा गया है।

जवाब नहीं दिया, तो अवमानना याचिका दायर की जाएगी

विनायक दामोदर सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने चेतावनी दी है कि यदि सोनिया गांधी ने 15 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब नहीं दिया, तो उनके खिलाफ अदालत में अवमानना याचिका दायर की जाएगी। सात्यकी सावरकर के वकील संग्राम कोल्हटकर ने बताया कि सोनिया गांधी को दिल्ली स्थित उनके आवास पर डाक और ईमेल के जरिए कानूनी नोटिस भेजा गया है। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी भी वीडी सावरकर के खिलाफ टिप्पणी कर के विवादों में आ चुके हैं।

सोनिया गांधी ने सावरकर के बारे में क्या लिखा?

PTI के मुताबिक, कानूनी नोटिस में सोनिया गांधी की पुस्तक में पंज नंबर 201 पर लिखी गई इस टिप्पणी का उल्लेख किया गया है- "जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब विनायक दामोदर सावरकर जैसे आरएसएस के वरिष्ठ विचारक अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे।" 

किताब में लिखी गईं बातें गलत- सात्यकी सावरकर

सामने आई जानकारी के अनुसार, सात्यकी सावरकर की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि उन्हें वीडी सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों और लगाए गए आरोपों से ठेस पहुंची है। सात्यकी सावरकर की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में सोनिया गांधी की किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों पर आपत्ति जताई गई है। आरोप लगाया गया है कि किताब में लिखी गईं ये बातें तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर पेश की गई हैं तथा वीडी सावरकर की प्रतिष्ठा और विरासत को नुकसान पहुंचाती हैं।

Leave Your Comment

 

 

Top