
उमेश चतुर्वेदी
भारतीय राजनीति के चिर विद्रोही और प्रखर समाजवादी डॉक्टर राममनोहर लोहिया की क्रांतिकारी वैचारिकी है जाति तोड़ना। लेकिन इसे विद्रूप कहें या कुछ और, सबसे ज्यादा जाति केंद्रित राजनीति और विचार को सबसे ज्यादा बढ़ावा लोहियावादी राजनीति से ही मिला। जाति तोड़ने के लोहिया के विचार और संदेश का मतलब था, समाज में ऊंच-नीच का भाव खत्म करके उसे बराबरी पर लाना। लेकिन लोहियावादी राजनीति की वजह से हुआ इसका ठीक उलटा। जातियों को खत्म करने का नारा देने वाले लोहिया के चेलों ने ही जातिवाद को सबसे ज्यादा खाद-पानी दिया। लालू प्रसाद यादव हों या मुलायम सिंह यादव या फिर सिद्धारमैया या ऐसे ही समाजवादी पृष्ठभूमि के अन्य नेता, सबने खुद को अपनी-अपनी जातियों के नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश की।
जाति को जैसे-जैसे राजनीतिक खाद-पानी मिलने लगा, जातियां राजनीति का मजबूत हथियार और आधार बनने लगीं। जैसे-जैसे यह प्रक्रिया बढ़ी, वैसे-वैसे जातीयताबोध और ज्यादा बढ़ने लगा। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश से हो रही जातीय जनगणना को लेकर अगर सवाल उठ रहे हैं तो उसकी बड़ी वजह यही है। लोहियावादियों ने सामाजिक न्याय की जो शब्दावली दी है, उसकी बुनियाद पर किसी जाति को पता नहीं कितना न्याय मिलता है, लेकिन यह सच है कि इस शब्दावली के जरिए जातिवाद की संकीर्ण सोच ही आगे बढ़ी है। इससे सामाजिक बराबरी का लक्ष्य हासिल नहीं हो रहा, बल्कि इसके ठीक उलट हो रहा है।
दुनिया की सभी महान संस्कृतियों और विचारों का गहन अध्ययन कीजिए। अगर वे टिकी हुई हैं या वे विचार अब भी प्रभावी बने हुए हैं तो इसकी बड़ी वजह है कि उनमें पीछे मुड़कर देखने और वक्त के हिसाब से अपने विचारों में बदलाव लाने की प्रवृत्ति का होना। लोहिया की सोच भी इसी तरह की थी।
रूढ़िवादी नहीं लोहिया का दर्शन
इन अर्थों में देखें तो क्या लोहियावादी राजनीति को जाति तोड़ो के दर्शन पर आधारित अपनी राजनीति की मीमांसा नहीं करनी चाहिए? लोहिया खुद को कुजात गांधीवादी कहते थे। कुछ उसी अंदाज में लोहिया को कुछ शिष्यों को खुद को कुजात लोहियावादी कहने का जोखिम नहीं उठाना चाहिए? लोहियावादियों को खुद के गढ़े शब्द ‘सामाजिक न्याय’ और उसके आधार पर होने वाली राजनीति का व्यापक परिदृश्य में मूल्यांकन नहीं करना चाहिए? लोहिया की वैचारिक धारा के हिसाब से अव्वल तो होना ऐसा ही चाहिए, लेकिन क्या लोहियावादी राजनीति ऐसा कर रही है? निश्चित तौर पर इसका जवाब ना में है। बिहार में जाति गणना का नीतीश कुमार सरकार का फैसला उस रूढ़िवादी सोच का विस्तार ही कहा जाएगा, जिसके लोहिया भी विरोधी थे।
सामाजिक –आर्थिक आधार की गणना के खतरे
यह सच है कि अंग्रेजों ने 1931 तक जो जनगणना कराई, उसमें जाति के आधार पर भी हिसाब किया जाता था। दूसरा विश्व युद्ध होने के चलते 1941 में जनगणना नहीं हुई। लेकिन आजाद भारत में जब पहली बार 1951 में जनगणना होने जा रही थी, तब कतिपय नेताओं ने जनगणना में जाति का कॉलम बनाए रखने का सुझाव दिया। जिसे गृहमंत्री और जनगणना के प्रभारी मंत्री के नाते सरदार पटेल ने उस मांग को ठुकरा दिया था। उनका मानना था कि इससे समाज में जातीय वैमनस्य फैलेगा जो अंतत: नवेले राष्ट्र के लिए घातक होगा। तर्क दिया जा सकता है कि तब भी अनुसूचित जातियों और जनजातियों को आरक्षण था। लेकिन उसका जवाब भी है। तब संविधान सभा के कर्णधारों वह आरक्षण भी सिर्फ पंद्रह वर्ष की अवधि के लिए ही स्वीकार किया था। तब देश चलाने वालों को लगता था कि पंद्रह साल में वे इतना कुछ जरूर कर देंगे कि भारत समानता आधारित समाज व्यवस्था वाला राष्ट्र बन जाएगा। दुर्भाग्यवश इस व्यवस्था में राजनीतिक फायदा तलाशने वालों ने अपनी गुंजाइश देखी और फिर सही मायने में भारत को समता आधारित समाज बनाने की गंभीर कोशिश हुई ही नहीं।
जातीय गोलबंदी का जरिया बनी जाति की राजनीति
राजनीति जिस मुकाम पर अब पहुंच गई है, उसमें चूंकि सत्ता को साधने के लिए उसे जातियां ही सबसे बड़ा हथियार नजर आ रही हैं, ऐसे में संख्यात्मक रूप से ताकतवर जातियों की पूछ और परख बढ़ी है। समानता आधारित समाज में जो योग्यता पूछ और परख का प्रमुख मानक होनी चाहिए, मेरिट पर चिंतन को बढ़ावा मिलना चाहिए, वह सिरे से गायब है। चूंकि लोहियावादी दर्शन रूढ़िवाद को खारिज करने की व्यवस्था पर ज्यादा केंद्रित रहा है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी ज्यादा हो जाती है। लेकिन जिस तरह जातीय राजनीति को लोहियावाद में बढ़ावा मिलता रहा है, उससे लगता नहीं कि जातीय गोलबंदी बढ़ाने वाली सोच से वह अलग होने जा रही है। वैसे तो पूरी राजनीति में कहीं भी ऐसी उम्मीद नजर नहीं आ रही। गोलबंदी की राजनीति की यह व्यवस्था कहां जाकर ठहरेगी, राजनीतिक प्रवाह में इसका ओर-छोर अभी नजर नहीं आ रहा है।
(आलेख में व्यक्त विचार लेखक के हैं। उनसे संपादक व प्रकाशक का सहमत होना अनिवार्य नहीं है। किसी भी विवाद की स्थिति में हमारा न्याय क्षेत्र दिल्ली होगा।)
Leave Your Comment