logo

राममंदिर उद्घाटन को लेकर तैयारियां हुई तेज, 30 दिसंबर को पीएम मोदी अयोध्या एयपोर्ट व रेलवे स्टेशन का करेंगे उद्घाटन

Preparations intensified for the inauguration of Ram temple, PM Modi will inaugurate Ayodhya airport and railway station on December 30

WRITER- सात्विक उपाध्याय

नई दिल्ली: अयोध्या में राममंदिर का निर्माण कार्य काफी तेजी के साथ चल रहा है। राममंदिर तीर्थ क्षेत्र की तरफ से साझा की गई जानकारी के मुताबिक मंदिर कार्य लगभग 70 फीसदी पूरा हो चुका है। हाल ही में राममंदिर तीर्थक्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने जानकारी साझा करते हुए मंदिर निर्माण कार्य के बारे में बताया था। साथ ही कहा था कि 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारीयां जोरो सोरों से चल रही है। वहीं उन्होंने बताया कि 22 जनवरी के मध्यनजर पूरे नगर में विशेष तैयारीयां की जा रही हैं। जिसमें प्रमुख रुप से स्वच्छता, नेटवर्क, ट्रैफिक, रोड जैसे विषय शामिल है। चंपत राय ने यह भी बताया है कि रामलला के मूर्ति का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया है..साथ ही गर्भगृह का भी कार्य पूरी तरह से पूरा हो गया है।

अब ऐसे में राममंदिर उद्घाटन से ठीक पहले यानी की 30 दिसंबर को अयोध्या में नवनिर्मित एयपोर्ट और रेलवे स्टेशन का उद्घाटन होना है। जिसको लेकर तैयारीयां लगभग पूरी की जा चुकी हैं। हालिया जानकारी के मुताबिक 30 दिसंबर को अयोध्या एयरपोर्ट का उद्घाटन पीएम मोदी के द्वारा किया जाएगा। 30 दिसंबर को  पीएम मोदी अयोध्या पहुंचेंगे और अयोध्यावासियों को एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन की बड़ी सौगात देंगे। साथ ही पीएम मोदी के रोड शो का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री अयोध्‍या में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्राण प्रतिष्‍ठा से पूर्व इस कार्यक्रम को भी भव्‍य बनाने के लिए जबरदस्‍त तैयारियां की जा रही हैं।

क्या होगा पीएम मोदी का शेड्यूल-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या में लगभग 3 घंटे का वक्त गुजारेंगे। पीएम सुबह करीब 11.30 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सबसे पहले एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा। फिर पीएम हाइवे के रास्ते लता मंगेशकर चौक होते हुए अयोध्या के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुचेंगे। एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन तक पीएम का रोड शो है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का रोड शो करीब 15 किलोमीटर लंबा होगा। रेलवे स्टेशन से वापस उसी रास्ते पीएम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट के पास सभा स्थल बनाया जा रहा है। जहां पर पीएम मोदी करीब 40 मिनट तक जनसभा को संबोधित करेंगे।

51 जगह सांस्‍कृतिक कार्यक्रम, 100 स्‍थानों पर पुष्‍प वर्षा 

बता दें कि “रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जिस रास्ते से गुजरेंगे, वहां 51 जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, 100 से ज्यादा जगहों पर उनपर गुलाब और गेंदे की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी। साथ ही शंखवादन और स्वस्ति वाचन के बीच साधु-संत प्रधानमंत्री को आशीर्वाद भी देंगे।”

PM मोदी होंगे मुख्‍य यजमान, अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्‍ठा 

अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का समय 12:15 से 12:45 तक अभिजीत मुहूर्त में निश्चित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के समय मुख्य यजमान होंगे और उनके द्वारा भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी।

ट्रायल के लिए बड़े विमान की लैंडिंग 

इन तैयारियों के बीच शुक्रवार को अयोध्या के मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ट्रायल के लिए एक बड़े विमान की लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित थी।

तैयारियां तेज, भक्‍तों का उत्‍साह चरम पर 

अयोध्या में दिसंबर के अंतिम हफ्ते से 22 जनवरी तक तैयारियां एक के बाद एक चलती रहेंगी। फिलहाल अयोध्यावासियों और राम भक्तों का इंतजार खत्‍म होने को है, जिसे लेकर सरकारी तैयारियां भी चल रही हैं और भक्तों का उत्साह भी अपने चरम पर दिखाई दे रहा है।

Leave Your Comment

 

 

Top