गयाजी/बिहार: किलकारी, बिहार बाल भवन, गयाजी में कराटे बेल्ट टेस्ट एवं कराटे सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। इस बीच इस कार्यक्रम का शुभारंभ स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ़ बिहार के जनरल सेक्रेटरी प्रशांत रंजन, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार, सहायक लेखा पदाधिकारी गुड़िया कुमारी, सीआरपी सोनम कुमारी, नेशनल प्लेयर चंदन कुमार एवं राजा अली के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल एवं आत्मरक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन में किलकारी, बिहार बाल भवन गया एवं किलकारी बाल केंद्रों के लगभग 50 बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कराटे बेल्ट टेस्ट के दौरान बच्चों ने अपने-अपने बेल्ट स्तर — ब्लैक बेल्ट, ब्राउन बेल्ट, ग्रीन बेल्ट, ऑरेंज बेल्ट एवं येलो बेल्ट — के अनुसार प्रशिक्षकों की निगरानी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सफलतापूर्वक बेल्ट प्राप्त किए। बच्चों ने कराटे की विभिन्न तकनीकों, आत्मरक्षा के दांव-पेंच और अनुशासित प्रस्तुति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस कार्यक्रम के दौरान आयोजित कराटे सेमिनार में बच्चों को आत्मरक्षा, शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता और अनुशासन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों को बताया कि कराटे केवल एक खेल नहीं बल्कि एक जीवन शैली है, जो व्यक्ति को आत्मविश्वासी, साहसी और अनुशासित बनाता है। इस अवसर पर अपने संबोधन में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने कहा कि किलकारी का उद्देश्य केवल बच्चों को विभिन्न कलाओं और खेलों का प्रशिक्षण देना ही नहीं है, बल्कि उनके समग्र व्यक्तित्व विकास को सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि कराटे जैसे प्रशिक्षण बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं।
आज के समय में आत्मरक्षा का ज्ञान प्रत्येक बच्चे के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है। वहीं इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे। बच्चों की शानदार प्रस्तुति देखकर अभिभावकों ने उनकी जमकर सराहना की और किलकारी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। किलकारी के कराटे प्रशिक्षण से जुड़े कई बच्चों ने पूर्व में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।किलकारी गयाजी में आयोजित इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में किलकारी के सभी प्रशिक्षकों, कर्मियों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Leave Your Comment