नई दिल्ली: दो ग्रुपों में हो रहे चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में ग्रुप A से भारत और न्यूजीलैंड की टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं ग्रुप A में शामिल पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम का सफर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से खत्म हो चुका है। बात करें ग्रुप B की तो इस ग्रुप में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की है। ऐसे में ग्रुप A की शीर्ष टीम यानी कि भारत का मुकाबला पहले सेमीफाइनल में 4 मार्च को दुबई में ग्रुप B के दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया के साथ होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मैच में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टक्कर होगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर शुरु होगा। बता दें कि भारतीय टीम के लिए ये मैच बिलकुल भी आसान नहीं होगा। दोनों ही टीमें फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

बता दें कि चैंपियंस ट्राफी के अबतक के मुकाबले में भारत जहां अपराजित रही है तो वहीं दूसरी ओर कंगारु टीम एक बेनतीजा मुकाबले के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश की है। दोनों ही टीम को चैंपियंस ट्राफी के शुरु होने से पहले ही बड़े झटके लग चुके हैं। भारत को जहां स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रुप में झटका लगा तो वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम को पैट कमिंस, हेजलवुड और मिसेल स्टॉर्क के रुप में तीन बड़े झटके लगे हैं। दोनों ही टीम के यह प्रमुख खिलाड़ी चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी से पहले ही बाहर हो चुके हैं। ऐसे में दोनों ही टीम के बीच सेमीफाइनल का मुकाबला बेहद कांटे का होने वाला है। भारत एक बार फिर से अपने सेम टीम कॉम्बिनेशन के साथ खेलती हुई नजर आ सकती है तो वहीं कंगारु टीम में एक दो बदलाव देखने को मिल सकता है। बता दें कि जहां एक ओर भारतीय टीम ने अपने सभी मुकाबले दुबई के मैदान पर खेले हैं तो वहीं कंगारु टीम इस चैंपियंस ट्राफी का अपना पहला मुकाबला इस मैदान पर खेलेगी। ऐसे में पिच को लेकर भारतीय टीम के पास कंगारु टीम की तुलना में ज्यादा अनुभव होगा। इस कारण से दोनों ही टीम के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी नजर आता है। वनडे में भारत और ऑस्ट्रेलिया का 151 मुकाबलो में आमना-सामना हुआ है। इसमें ऑस्ट्रेलिया ने 84 बार जीत हासिल की है जबकि भारत 57 बार जीता है। 10 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल सका। ICC वनडे टूर्नामेंट के हेड टू हेड रिकॉर्ड में भी ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत की तुलना में ज्यादा मैच जीती है। दोनों टीमें ICC वनडे वर्ल्ड कप और ICC चैंपियंस ट्रॉफी में कुल मिलाकर 18 बार आपस में भिड़े हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया 10 बार जीता है। वहीं, टीम इंडिया ने 7 मैचों में बाजी मारी है। एक मैच बेनतीजा रहा।
| टीम | मैच | जीत / हार | बेनतीजा |
| भारत | 151 | 57/ 84 | 10 |
| ऑस्टेलिया | 151 | 84/ 57 | 10 |

ICC नॉकआउट में भी दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। ICC नॉकआउट में 8 बार भारत और ऑस्ट्रेलिया का आमना-सामना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों ही 4-4 बार जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। हालांकि भारत के लिए टेंशन की बात ये है कि पिछले 3 ICC नॉक आउट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया है। साल 2015 से टीम इंडिया ICC नॉकआउट मैचों में ऑस्ट्रेलिया को हरा नहीं सकी है। टीम इंडिया को ICC नॉक आउट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी जीत 2011 के वर्ल्ड कप में मिली थी।
| टीम | मैच | जीत / हार | बेनतीजा |
| भारत | 8 | 4/4 | 0 |
| ऑस्टेलिया | 8 | 4/4 | 0 |

Leave Your Comment