नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के 27 साल बाद दिल्ली जीत के बाद शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया गया। जहां पीएम मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस बीच नवनिर्वाचित सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता पहली बार शालीमार बाग से विधायक चुनी गई हैं और अब मुख्यमंत्री के रूप में राजधानी का नेतृत्व करेंगी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने दिल्ली के विकास और सुशासन को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
रेखा गुप्ता के साथ-साथ उनके छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रवेश वर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि इस क़ड़ी में भाजपा की इस नई सरकार में अन्य मंत्रियों ने भी अपने पदभार की शपथ ली।
रामलीला मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत देश के अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री, बीजेपी के नेता, फिल्मस्टार, समेत कई गणमान्य व्यक्तित्व भी शामिल हुए।
रेखा गुप्ता दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की चौथी मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज दिल्ली में BJP के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही रेखा गुप्ता वर्तमान में BJP शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।
दिल्ली में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग से चुनाव जीता है। रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनीं और मुख्यमंत्री तक का सफर हासिल कर लिया। रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट पर ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था। रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद के नंदगढ़ गांव में हुआ था। जन्म के 2 साल बाद ही उनका पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया, जब उनके पिता की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर लगी. रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई दिल्ली में हुई। इसी दौरान वे ABVP यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी और राजनीति में सक्रिय हुई। रेखा गुप्ता ने LLB भी किया हुआ है। रेखा गुप्ता 2007 में दिल्ली के पीतमपुरा (उत्तर) की काउंसिलर बनीं। रेखा गुप्ता दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की जनरल सेक्रेटरी भी रह चुकी हैं। 2004 से 2006 तक वो भारतीय जनता पार्टी की युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव रहीं। रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से आती हैं, जिसकी अच्छी खासी तादाद दिल्ली में है। वैश्य समुदाय को BJP का कोर वोटर भी माना जाता है।
Leave Your Comment