logo

ओडिशा के ढेंकनाल में जनगणना अधिकारियों पर कथित रुप से हमला, आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज

Census officials allegedly attacked in Odisha's Dhenkanal; complaint filed against the accused

नई दिल्ली: बुधवार, 22 अप्रैल को ओडिशा में चल रही जनगणना प्रक्रिया के बीच सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ढेंकनाल जिले के कामाख्यानगर क्षेत्र में जनगणना के लिए पहुंचे चार अधिकारियों पर कथित तौर पर एक ही परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में अधिकारियों के साथ मारपीट की गई और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। 

क्या है पूरी घटना -- 

जानकारी के अनुसार अनंतपुर साही इलाके में जनगणना कार्य के दौरान चार सदस्यीय टीम एक घर पर जानकारी लेने पहुंची थी। टीम में जनगणना चार्ज क्लर्क रघुनाथ दीक्षित, सुपरवाइजर मधुस्मिता बेहरा, कर्मचारी स्वर्णलता साहू और सतिन बीरेन बेहरा शामिल थे। आरोप है कि घर के मालिक निकुंज सतपति और उसके दो बेटों ने बिना किसी बातचीत के ही अधिकारियों पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उनकी बाइक व स्कूटर को नुकसान पहुंचाया।

आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज-

घटना के बाद पीड़ित अधिकारियों ने कामाख्यानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने बताया कि वे केवल सरकारी ड्यूटी के तहत जानकारी लेने पहुंचे थे, लेकिन अचानक हुए हमले से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रशासनिक तंत्र को बड़ा झटका-

इस घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को झकझोर दिया है।  जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लगे कर्मचारियों पर इस तरह का हमला न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि फील्ड में काम कर रहे कर्मचारियों के मनोबल को भी प्रभावित करता है।  अधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।

फिलहाल ढेंकनाल हमले की घटना ने राज्य सरकार को अलर्ट मोड में ला दिया है। आने वाले दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किए जाने की संभावना है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 

Leave Your Comment

 

 

Top