नई दिल्ली: बुधवार, 19 फरवरी को दिल्ली ने नए सीएम के चुनाव को लेकर बीजेपी द्वारा विधायक दल की बैठक की गई। दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इस सस्पेंस से बीजेपी ने पर्दा उठा दिया है। 7 बजे शुरु हुए इस बैठक के बाद दिल्ली के नए सीएम के रुप में रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी गई है। बता दें कि 27 साल बाद बीजेपी ने दिल्ली पर अपना वर्चस्व एक बार फिर से कायम किया है। दिल्ली में बीजेपी के जीत के बाद से ही इस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली का अगला सीएम कौन होगा। विगत कुछ सालों में यह देखा गया है कि चुनावों में जीत हासिल करने के बाद सीएम पद का नाम तय करने में अब बीजेपी वक्त लेती है। 2014 में देवेंद्र फडणवीस, 2017 में योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश में मोहन यादव, राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नाम का ऐलान इसका उदाहरण है। ऐसे में बीजेपी द्वारा 20 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले सीएम के रुप में रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी गई है।
बता दें कि दिल्ली के नए मुख्यमंत्री की रेस में प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय और आशीष सूद का नाम आगे चल रहा था। ऐसे में बैठक के बाद सीएम के रुप में रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा ने इस इंतजार को खत्म कर दिया है।
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने पर रेखा गुप्ता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं विधायक दल को धन्यवाद दिया है। रेखा गुप्ता ने आगे कहा- "भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं विधायक दल का मुझपर विश्वास जताने के लिए हार्दिक आभार। मैं अपने दायित्व का निर्वहन दिल्ली के विकास हेतु करने को तैयार हूं।"
कौन हैं दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता-
रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक चुनी गई है। उनको पार्टी के भीतर जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और संगठनात्मक कौशल के लिए पहचाना जाता है। रेखा अब बीजेपी शासित 21 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से आती हैं। साथ ही महिला होने का फायदा भी उन्हें मिला है। रेखा गुप्ता मूल रूप से हरियाणा के जींद की रहने वाली है। लेकिन मात्र 2 साल की उम्र में रेखा का परिवार दिल्ली आ गया था। रेखा पेशे से वकालत करती हैं। इससे पहले वो पार्षद रह चुकी हैं। फिर इस बार के चुनाव में पहली बार विधायक बनी हैं। अब उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया गया है।
भारतीय जनता पार्टी ने प्रवेश वर्मा का नाम दिल्ली के डिप्टी सीएम के लिए तय किया है। प्रवेश वर्मा ने कहा है कि रेखा गुप्ता का सीएम बनना खुशी की बात है। बता दें कि प्रवेश वर्मा दिल्ली की नई दिल्ली विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस सीट से दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मात दी थी।
कल 20 फरवरी को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले दिल्ली भाजपा कार्यालय में तैयारियां चल रही हैं। भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में जीत दर्ज कर 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। दिल्ली के रामलीला मैदान में कल दोपहर 12:05 बजे नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए निमंत्रण पत्र लोगों को भेजा जा रहा है। शपथ ग्रहण शुक्रवार (20 फरवरी) की दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर होगा। शुरुआत में 20 फरवरी की शाम 4.30 बजे समारोह का समय तय किया था, जिसे बदलकर सुबह 11.00 बजे कर दिया गया था। अब दूसरी बार शपथ ग्रहण समारोह का समय बदला गया है।
शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले दिल्ली बीजेपी ने एक पोस्टर रिलीज किया है। इसमें लिखा है-'दिल्ली की प्रगति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ के साथ ही हम सभी मिलकर दिल्ली में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होंगे।आइए रामलीला मैदान, और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें !'
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के दिन रामलीला मैदान और उसके आसपास 5,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने आगे बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा दिन के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 से अधिक कंपनियां भी तैनात की जाएंगी।
Leave Your Comment