logo

भाजपा ने देबाशीष सामंतराय को राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया

BJP nominates Debashish Samantaray as its candidate for the Rajya Sabha by-election

भुवनेश्वर/5 जून : जैसा कि उम्मीद की जा रही थी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार (4 जून) को पूर्व बीजू जनता दल (बीजद) नेता देबाशीष सामंतराय को ओडिशा में 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। 

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों में होने वाले द्विवार्षिक राज्यसभा चुनावों और ओडिशा में होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। पूर्व राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने 25 मई को बीजद से इस्तीफा देने के बाद 26 मई को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने कहा था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकसित भारत के उनके दृष्टिकोण से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं।

उन्होंने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में महासचिव अरुण सिंह, ओडिशा भाजपा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर  तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल की उपस्थिति में भाजपा सदस्यता ग्रहण की थी। बीजद छोड़ने के बाद सामंतराय ने उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात कर राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा सौंप दिया था।

देबाशीष सामंतराय को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की उम्मीद पहले से ही थी। इससे पहले भाजपा ने बीजद छोड़कर पार्टी में शामिल हुए पूर्व राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार और ममता मोहंता के मामले में भी इसी तरह की रणनीति अपनाई थी।
147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 79 विधायकों के समर्थन के साथ भाजपा देबाशीष सामंतराय की जीत सुनिश्चित है। 18 जून को होने वाले उपचुनाव में न तो बीजद और न ही कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने की संभावना है। सामंतराय के निर्वाचित होने के बाद ओडिशा से राज्यसभा में भाजपा सदस्यों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। सामंतराय ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल का धन्यवाद करता हूं। मेरे पिछले छह वर्षीय कार्यकाल में अभी चार वर्ष शेष थे, इसलिए मुझे दोबारा राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया गया।”

उन्होंने यह भी बताया कि वह शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। देबाशीष सामंतराय पहली बार वर्ष 2024 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। सामंतराय के राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद चुनाव आयोग  ने घोषणा की कि सामंतराय के इस्तीफे के कारण ओडिशा में  रिक्त हुई राज्यसभा सीट के लिए 18 जून को उपचुनाव कराया जाएगा। 
 उपचुनाव की औपचारिक अधिसूचना 1 जून को जारी की गई जिसके अनुसार  नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि बीजद से इस्तीफा देते समय सामंतराय ने पार्टी की आंतरिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि संगठन को मजबूत करने के बजाय वरिष्ठ नेताओं को हाशिए पर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है।
 देबाशीष सामंतराय फरवरी 2024 में बीजद उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इससे पहले वे 2009 और 2014 में दो बाराबाटी-कटक विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जा चुके हैं।
 

Leave Your Comment

 

 

Top