नई दिल्ली: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के जीवन से जूड़ी फिल्म पर्दे पर आने के लिए तैयार है। बुधवार, 26 मार्च को फिल्म का पहला लुक जारी किया गया। फिल्म के पहले लुक ने सभी का दिल जीत लिया है। बता दें कि यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के जीवन पर बनाई जा रही फिल्म का नाम 'अजय- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी' है। और इसी नाम से सीएम योगी आदित्यनाथ की बायोपिक बनाई जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ की जीवन गाथा किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। इसमें इमोशन, मसाला और सत्ता तक पहुंचने का संघर्ष है। इस कहानी को बड़े पर्दे पर लाने की पूरी तैयारी हो चुकी है। रवींद्र गौतम द्वारा निर्देशित 'अजय- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी' का उद्देश्य आध्यात्मिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से योगी आदित्यनाथ के परिवर्तन को प्रदर्शित करना है। खास बात यह है कि यह फिल्म देश भर में अलग-अलग भाषाओं मे प्रदर्षित की जाएगी।
इस फिल्म का मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसमें उनके आध्यात्मिक और राजनीतिक मार्ग को आकार देने वाले निर्णायक क्षणों को दिखाया गया है, जिसमें उनका शुरुआती जीवन, नाथपंथी योगी बनने का उनका फैसला और एक राजनेता के रूप में सत्ता संभालने का सफर दिखाया गया है।
कौन-कौन होगा अहम भूमिका में --
यह फिल्म शांतनु गुप्ता की किताब 'द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर' से प्रेरित है और यह ड्रामा, इमोशन, एक्शन और बलिदान का एक सम्मोहक मिश्रण पेश करेगी। अनंत जोशी योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि फिल्म में परेश रावल, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', अजय मेंगी, पवन मल्होत्रा, गरिमा सिंह और राजेश खट्टर जैसे कलाकारों की टुकड़ी भी प्रमुख भूमिकाओं में है। फिल्म के मोशन पोस्टर को जारी करते हुए कैप्शन में लिखा गया है, 'उसने सब त्याग दिया, पर जनता ने उसे अपना बना लिया।'
लेटेस्टली की एक रिपोर्ट के अनुसार आगामी फिल्म के बारे में बात करते हुए सम्राट सिनेमैटिक्स की निर्माता रितु मेंगी ने कहा, 'योगी आदित्यनाथ का जीवन चुनौतियों, लचीलेपन और परिवर्तन से भरा है। हमारी फिल्म उनके सफर को आकर्षक और नाटकीय तरीके से पेश करती है, जो उन्हें आकार देने वाली घटनाओं को जीवंत करती है। कलाकारों की एक बेहतरीन टोली और एक मनोरंजक कहानी के साथ हम इस प्रेरणादायक कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।'
Leave Your Comment