नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ का स्नान जारी है। ऐसे में हाल ही कुंभ स्नान के दौरान चर्चा में आये अभय सिंह उर्फ IITian बाबा लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। अभय सिंह उर्फ IITian बाबा प्रयागराज महाकुंभ की शुरुआत से ही वहां स्थित जूना अखाड़ा शिविर में रह रहे थे।एयरोस्पेस इंजीनियर से संन्यासी बने अभय सिंह उर्फ IITian बाबा भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए। लेकिन हालिया जानकारी के मुताबिक IITian बाबा अभय सिंह को जूना अखाड़ा शिविर से बाहर निकाल दिया गया है।
बता दें कि अभय सिंह उर्फ आईआईटियन बाबा को अपने गुरु महंत सोमेश्वर पुरी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में जूना अखाड़ा शिविर से निष्कासित किया गया है। उनपर ये कार्रवाई शनिवार की देर रात की गई है।
जूना अखाड़े ने इस मामले में बयान भी दिया है। अखाड़े ने कहा कि अनुशासन और गुरु के प्रति समर्पण सर्वोपरि होता है और इस सिद्धांत का पालन न कर पाने वाला कोई भी शख्स संन्यासी नहीं बन सकता। जूना अखाड़े के मुख्य संरक्षक महंत हरि गिरि ने कहा- "अभय सिंह का कृत्य गुरु-शिष्य (शिष्य) परंपरा और संन्यास (त्याग) के खिलाफ है। यदि आपने अपने गुरु का अपमान किया है, तो आपने दिखाया है कि आपके मन में सनातन धर्म या अखाड़े के प्रति कोई सम्मान नहीं है।"
जानकारी के मुताबिक, जूना अखाड़ा शिविर से निकाले जाने के बाद बाबा अभय सिंह ने दूसरे संत के शिविर में शरण ली है। बता दें कि अभय सिंह हरियाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे ने एयरोस्पेस से बी.टेक किया था। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने संन्यासी का जीवन अपना लिया। महाकुंभ में मीडिया की नजरों में आने के बाद आज वह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए हैं।
Leave Your Comment