logo

आतिशी बनीं दिल्ली की सबसे युवा मुख्यमंत्री;नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

Atishi becomes the youngest Chief Minister of Delhi; takes oath as the ninth Chief Minister

नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है, वे दिल्ली की सबसे युवा सीएम बनी हैं। शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 4:30 बजे राज निवास में हुआ। आतिशी के  मंत्रिपरिषद में पांच मंत्रियों ने भी अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। सीएम आतिशी के साथ जिन पांच मंत्रियों ने शपथ ली है उनमें चार पुराने मंत्री गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन का नाम शामिल है, इन सबके अलावा आतिशी की कैबिनेट में नए चेहरे के रूप में सुल्तानपुर माजरा के विधायक मुकेश कुमार अहावलत भी मंत्री पद की शपथ ली है। आतिशी के शपथ ग्रहण में अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के कई नेता शामिल रहे।

बता दें आतिशी से पहले बीजेपी की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित भी दिल्ली की महिला सीएम रह चुकी हैं। उनके बाद आतिशी अगली महिला सीएम बनी हैं और दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने शपथ लिया है।

आतिशी ने नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अपनी भावनाएं व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि वह निवर्तमान सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा उन पर जताए गए भरोसे से खुश हैं लेकिन इस बात से दुखी भी हैं कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव के बाद केजरीवाल को मुख्यमंत्री के रूप में वापस लाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगी. 

साथ ही कहा, "सबसे पहले, मैं दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मेरे गुरु अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद देना चाहती हैं, जिन्‍होंने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी और इसके लिए मुझ पर भरोसा जताया. यह केवल आम आदमी पार्टी और केवल अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ही हो सकता है कि कोई राजनेता पहली बार किसी राज्य का मुख्यमंत्री बने. मैं साधारण परिवार से आती हूं. अगर मैं किसी और पार्टी में होती तो शायद मुझे चुनाव का टिकट भी नहीं मिलता.''

शपथ ग्रहण से पूर्व अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात 
शपथ ग्रहण से पहले आतिशी और उनके मंत्रिमंडल में हिस्सा बनने वाले नेताओं ने यहां आम आदमी पार्टी  के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भेंट कीं. आतिशी, आप नेताओं गोपाल राय, कैलाश गहलोत शपथ ग्रहण से पूर्व यहां सिविल लाइंस में केजरीवाल के निवास पर पहुंचे थे. 

Leave Your Comment

 

 

Top