logo

अन्नामलाई ने नितिन नबीन को इस्तीफा सौंप की अमित शाह से मुलाकात

Annamalai handed over his resignation to Nitin Nabin and met Amit Shah.

नई दिल्ली: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार (2 जून) को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बता दें कि बीते कई महीनों से ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि अन्नामलाई का भाजपा से मोहभंग हो गया है और वह अब भाजपा से इस्तीफा दे सकते हैं। वहीं अन्नामलाई के इस्तीफे से पहले ही ये अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि वह नई पार्टी का ऐलान भी कर सकते हैं। इसे लेकर तमिलनाडु में कई जगहों पर पोस्टर भी लगाए गए हैं। 

भाजपा की नीतियों का किया विरोध

इससे पहले नई पार्टी बनाने की चर्चा पर अन्नामलाई ने सोमवार को कहा कि आगामी दो दिन में वह अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे। अन्नामलाई ने दिल्ली रवाना होने से पहले चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए यह बयान दिया। बता दें कि अन्नामलाई ने सीबीएसई द्वारा मौजूदा शैक्षणिक वर्ष से 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए तीन-भाषा नीति लागू करने की हालिया घोषणा का विरोध किया था। उन्होंने अधिसूचना को वापस लेने की मांग भी की थी। उनके इस रुख से उन अटकलों ने जोर पकड़ा कि अन्नामलाई केंद्र सरकार का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वह अपनी खुद की पार्टी जमीन पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं। 

तमिलनाडु चुनाव से बनाई दूरी

बता दें कि पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने 2021 के विधानसभा चुनाव के लिए टीटीवी दिनाकरन और पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम को भाजपा गठबंधन में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हालांकि, पार्टी आलाकमान द्वारा अन्नामलाई के स्थान पर नैनार नागेंद्रन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। वहीं 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले AIADMK के साथ चुनावी गठबंधन होने के बाद से अन्नामलाई ने बीजेपी से दूरी बना ली थी। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का अन्य दलों से गठबंधन का मैनेजमेंट, उम्मीदवारों का सिलेक्शन और सीट बंटवारे को लेकर भी पार्टी नेतृत्व और अन्नामलाई के बीच सहमति नहीं बन सकी थी।

Leave Your Comment

 

 

Top