logo

प्रयागराज के बाद अब वाराणसी में हो सकता है एयर शो, अधिकारियों की बैठक में हुआ मंथन

After Prayagraj, the air show may now be held in Varanasi, a meeting of officials discussed the matter.

WRITER- सात्विक उपाध्याय


वाराणसी: वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 8 अक्टूबर को एयरफोर्स की तरफ से भव्य एयर शो का आयोजन किया गया था। जिसमें लाखों की संख्या में दर्शकों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में वर्ष 2026 में एयरफोर्स की तरफ से एयर शो को लेकर तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। हालिया जानकारी के मुताबिक इस बार यानी कि वर्ष 2026 में एयर शो पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देखने को मिल सकता है। आगामी 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर एयर शो आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि अभी तक शो के लिए स्थान तय नहीं किया गया है।

अधिकारियों ने विभिन्न पहलुओं पर किया मंथन- 

इस संबंध में हाल ही में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (बाबतपुर) पर एयरपोर्ट प्रशासन, भारतीय वायुसेना और सीआईएसएफ के अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया।

ढाई घंटों तक भारतीय लड़ाकू विमान दिखाएंगे करतब- 

इस बार अगर वाराणसी में एयर शो होता है तो यह एयर शो करीब ढाई घंटे का हो सकता है, जिसमें वायुसेना के जांबाज पायलट अपने साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान राफेल, सुखोई, तेजस जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों के साथ हेलिकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट विमान भी आसमान में करतब दिखा सकते हैं।

वाराणसी एयरपोर्ट का तेजी से हो रहा विस्तार

एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता के अनुसार, वाराणसी एयरपोर्ट का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि इसे पूर्वांचल का सबसे बड़ा और आधुनिक एयरपोर्ट बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि एयर शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में एयरपोर्ट की क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए या तो विशेष तैयारी की जाएगी या फिर वैकल्पिक स्थान पर आयोजन पर विचार किया जा सकता है।

गौरतलब है कि प्रयागराज में समय-समय पर एयर शो आयोजित होते रहे हैं। वर्ष 2023 में वायुसेना दिवस के मौके पर संगम क्षेत्र के ऊपर भव्य एयर डिस्प्ले हुआ था, जिसे लाखों लोगों ने देखा था। अब वाराणसी में भी ऐसा आयोजन होने की संभावना से लोगों में खासा उत्साह है।

Leave Your Comment

 

 

Top