भारत के सशक्त होने का परिचय भारत की रक्षा प्रणाली और सेनाएं देती हैं। जिसका एक जीता जागता उदाहरण है हर 2 सालों में बेंगलुरु के येलाहांका एयरबेस पर आयोजित होने वाला एयरो इंडिया शो। यह शो विश्व स्तर पर भारत के सशक्त होने का एक अद्भुत मिसाल देता है। एयरो इंडिया शो, एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर के लिए एशिया की सबसे बड़ी और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी प्रदर्शनी है। इसमें अलग-अलग एयरफोर्स के नए विमानों, हथियारों और तकनीकों का बेंगलुरु के येलाहंका एयरफोर्स स्टेशन पर प्रदर्शन किया जाता है। प्रदर्शनी के साथ ही पब्लिक एयर शो भी होता है। जिसमें विमान अलग-अलग फॉर्मेशन में करतब दिखाते हैं। आसान भाषा में कहें तो जिस तरह ऑटो एक्सपो में कार कंपनियां अपने नई आने वाली कारों का प्रदर्शन करती हैं, ठीक उसी तरह इस शो में एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में होने वाले टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट को प्रदर्शित किया जाता है। यह शो मुख्यतः रक्षा प्रदर्शनी संगठन, रक्षा उत्पादन विभाग और रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित एक दो द्विवार्षिक एयर शो और विमान प्रदर्शनी है। एयरो इंडिया भारत की प्रमुख एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी है जहां वैश्विक एयरो विक्रेता और भारतीय वायु सेना बैक टू बैक एरोबेटिक उड़ान प्रदर्शनों से दर्शकों को रोमांचित करते हैं।
एयरो इंडिया शो 2025 में क्या होगा खास
भारत में एयरो इंडिया शो की शुरुआत 1996 में हुई थी। तब से हर दूसरे साल इस एयर शो का आयोजन हो रहा है। 10 फरवरी से इस शो का 15 वां एडिशन शुरू हो रहा है। जो कि 14 फरवरी तक चलेगा। यह शो फरवरी माह में आयोजित किया जाता है। पिछली बार की तरह ही इस बार भी यह शो पांच दिनों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस बार शो के शुरुआती तीन दिन व्यापारिक आगंतुकों के लिए समर्पित है। जिसके बाद अंतिम 2 दिनों के लिए इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्रदर्शनी प्रत्येक दिन 9 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगी। एयरो इंडिया शो 2025 का आगाज 10 फरवरी को सुबह 9:30 बजे होगा। जिसके बाद 10 बजकर 27 मिनट से हवा में विमानों का करतब देखने को मिलेगा।

वहीं 11 से 14 फरवरी तक फ्लाइंग डिसप्ले दोपहर 12 बजे किया जाएगा। शो का पूर्व अभ्यास 8 फरवरी को किया जाएगा। इस साल इस प्रदर्शनी में 8 लाख से ज्यादा विजिटर के आने की संभावना है। वहीं शो के दौरान 250 से अधिक समझौता ज्ञापन/ साझेदारी को पूरा किए जाने की भी संभावनाएं प्रबल होंगी। एयरो इंडिया शो के 15वें संस्करण में 30 से अधिक देशों का IOR और रक्षा मंत्रालय के विशेष सम्मेलन में भाग लेने की संभावना है। पिछली बार के एयरो इंडिया शो के दौरान 809 एक्जीबिटर शामिल हुए थे जिनकी संख्या में 100 से अधिक की वृद्धि हो सकती है और यह संख्या 900 से ऊपर पहुंच सकती है। जो कि इस बात को दर्शाता है कि एरो इंडिया शो में देशी विदेशी रक्षा कंपनियों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। वहीं पिछली बार की भांति ही इस बार भी 50 से अधिक विमानों का नभ में शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। एयरो इंडिया विमानन उद्योग में सूचना, विचारों और नवीन विकास के आदान-प्रदान के लिए एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। घरेलू विमानन उद्योग को बढ़ावा देने के अलावा यह मेक इन इंडिया के उद्देश्य को आगे बढ़ाएगा।
एयरो इंडिया में कौन कौन प्रदर्शनी में हिस्सा ले सकता है
एयरो इंडिया शो में मुख्य रूप से रक्षा उपकरण निर्माता, रक्षा निवेशक, इनोवेटर्स, भारतीय रक्षा उद्योग, स्टार्टअप, MSMEs, मिलिट्री सप्लायर्स, स्पेस इंडस्ट्री सप्लायर्स जैसे अन्य प्रमुख एक्जीबिटर हिस्सा ले सकते हैं।
प्रदर्शन के मुख्य लाभ क्या हो सकते हैं
प्रदर्शन का मुख्य रूप से लाभ कंपनी के ब्रांड के प्रति जागरूकता फैलाना, साझेदारी के अवसर पैदा करना , उत्पाद का प्रमोशन करना और बाजार का विश्लेषण करना है।
शो में आम जनता कैसे करेगी प्रवेश
अगर आपको इस एयर शो और प्रदर्शनी में जाना है तो प्रदर्शनी के लिए तीनों दिन बिजनेस टिकट जारी किए जाएंगे। ये टिकट आधे दिन के लिए ही होगा। आधे दिन के दो स्लॉट बांटे गए हैं। सुबह 9 से दोपहर 1.30 बजे तक। और दोपहर 1.30 से शाम 6 बजे तक। आम लोग एग्जिबिशन में नहीं जा सकते हैं। भारतीयों के लिए एक टिकट 5000 रुपए का है। जबकि विदेशी लोगों के लिए एक टिकट 150 डॉलर का है। टिकट की अवधि खत्म होने के बाद अगर आप प्रदर्शनी स्थल में पाए जाते हैं तो आपके ऊपर 5 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना लगेगा। वहीं, विदेशियों के लिए जुर्माने की ये रकम 300 डॉलर से अधिक होगी। 18 साल से कम उम्र के लोगों को इसमें एंट्री नहीं दी जाएगी। अगर आप सिर्फ एयर शो देखना चाहते हैं तो इसके टिकट के लिए आपको 2500 रुपए खर्च करने होंगे। विदेशी नागरिकों को ये टिकट 50 डॉलर में मिलेगा। टिकट केवल एक हाफ के लिए वैलिड रहता है। एक एयर शो खत्म होने के 45 मिनट के भीतर आपको एयर डिस्प्ले विजुअल एरिया खाली करना होता है।
2023 की ही भांति एयरो इंडिया शो में अंतरराष्ट्रीय यात्री भी शामिल होंगे। जिसके चलते यह उम्मीद लगाया जा रहा है कि इस साल पिछले सभी कार्यक्रमों से अधिक लोग पहुंचेंगे। हर साल की तरह, इस साल भी एशिया के सबसे बड़े एयर शो की तारीखों की घोषणा पहले कर दिया गया है। इस एयर शो में दुनिया भर के युद्ध के लिए डिजाइन किए गए विमान अपना युद्ध कौशल दिखाने के लिए आते हैं। एयरो इंडिया शो को एशिया का सबसे बड़ा एयर शो माना जाता है। इस शो के कारण भारत का रक्षा विनिर्माण काफी मजबूत हो रहा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए भारत में एक मजबूत रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है। हाल के वर्षों में भारत को एक प्रमुख रक्षा निर्यात के रूप में उभारा है। यह साफ तौर पर ज़ाहिर होता है कि एयरो इंडिया शो भारत के लिए विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता का शो है। जो भारत को दुनिया में रक्षा शक्ति दिखाने और उसमें अग्रणी होने का प्रमाण देता है।

सात्विक उपाध्याय
Leave Your Comment