नई दिल्ली: सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 10 जून को भारत मंडपम में एक बड़ी बैठक बुलाई है। बता दें कि NDA की यह बैठक बुधवार को दोपहर 3:00 बजे भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी NDA नेता शामिल होंगे। सरकार के 12 साल पूरा होने के मौके पर बैठक में चर्चा होगी।
12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने जून 2026 में देश की सत्ता में अपने 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है। 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार इस पद की कमान संभाली थी। 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 4,398 दिन (12 साल 15 दिन) पूरे हुए। इसके साथ ही, उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर पीएम पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना दिया।
इस मामले में उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पंडित नेहरू वैसे तो 15 अगस्त 1947 से लेकर अपनी मृत्यु (27 मई 1964) तक कुल 6,130 दिनों के लिए प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन देश के पहले आम चुनाव होने से पहले के शुरुआती 5 साल वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। जब 1952 में चुनाव जीतकर वह पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, तो वहां से उनका कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का रहा था।
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने जानकारी दी है कि 10 जून को नई दिल्ली में बुलाई गई NDA की बैठक के कारण पार्टी के 27वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को अब 11 जून तक पुनर्निर्धारित किया गया है। यह समारोह पूर्व निर्धारित स्थल, मुंबई के षण्मुखानंद हॉल में दोपहर 2:00 बजे आयोजित किया जाएगा। दिल्ली में होने वाली इस बड़ी बैठक में देशभर से एनडीए के घटक दलों के नेता, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे, जिसमें महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी होंगी।
अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी पहली बार अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है, जिनकी मृत्यु के बाद सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री के रूप में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाली है। सुनील तटकरे ने बताया कि पार्टी का यह 27वां स्थापना दिवस 'समर्पण, संघर्ष और संकल्प' थीम के तहत मनाया जाएगा और इसे पूरी तरह से अजित पवार की स्मृति और उनके आदर्शों को समर्पित किया जाएगा।
Leave Your Comment