logo

वंदे मातरम् भारत की राष्ट्रीय चेतना का मंत्र: जे. नंदकुमार

Vande Mataram is the mantra of India's national consciousness: J. Nandakumar

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक और संघ से संबद्ध बौद्धिक संगठन प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे. नंदकुमार वंदे मातरम् को भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रतीक मानते हैं। उनका कहना है कि वंदे मातरम् का इतिहास किसी एक राजनीतिक दल या नेता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक राष्ट्रीय जागरण का प्रतीक रहा है। कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका, राष्ट्रगीत को लेकर वर्तमान राजनीतिक विवाद, तुष्टीकरण की राजनीति और हिंदू समाज की एकजुटता जैसे विषयों पर उन्होंने अपनी बात रखी।
प्रस्तुत है जे. नंदकुमार से उदय इंडिया की हुई विशेष बातचीत के प्रमुख अंश:

केरल के केंद्रीय विश्वविद्यालय में वंदे मातरम् पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वामपंथी संगठनों और कुछ अन्य समूहों द्वारा आपके विरोध की खबरें सामने आईं।  उस पूरे घटनाक्रम को आप किस तरह देखते हैं?

सबसे पहले मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि कार्यक्रम के दौरान मेरे साथ किसी प्रकार का प्रत्यक्ष हमला नहीं हुआ। हालांकि, कार्यक्रम में बाधा डालने और मुझे वहां आने से रोकने के प्रयास जरूर किए गए। यह आयोजन केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय और केंद्रीय साहित्य अकादमी से जुड़ा था। अखिल भारतीय साहित्य परिषद इस कार्यक्रम की ज्ञान-सहयोगी संस्था थी। परिषद ने मुझे वंदे मातरम् विषय पर मुख्य वक्तव्य देने के लिए आमंत्रित किया था। कार्यक्रम से पहले कुछ संगठनों की ओर से वंदे मातरम् के गायन का विरोध किए जाने की बात सामने आई। इनमें एसएफआई, एमएसएफ और पीडीपी जैसे संगठनों के नाम सामने आए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में बाधा डालने या वंदे मातरम् के विरोध के नाम पर अव्यवस्था पैदा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस रुख के बाद विरोध करने वाले समूहों का रवैया बदलने लगा। इसके बाद अखिल भारतीय साहित्य परिषद की भूमिका को लेकर सवाल उठाए गए। कुछ लोगों ने कहा कि परिषद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परिषद कार्यक्रम की सहयोगी संस्था है और किसी भी राजनीतिक या वैचारिक संगठन को आयोजन में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जब विरोध करने वालों को पता चला कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस का एक वरिष्ठ प्रचारक बोलने वाला है, तब मुझे रोकने की कोशिशें और तेज हो गईं। लेकिन विश्वविद्यालय के कुलपति और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि मुझे आमंत्रित किया गया है और मैं अपना वक्तव्य दूंगा। किसी भी नागरिक को केवल उसकी वैचारिक पृष्ठभूमि के आधार पर किसी सार्वजनिक शैक्षणिक संस्थान में आने से रोकना उचित नहीं है। मैं कार्यक्रम शुरू होने से लगभग एक घंटे पहले सभागार पहुंच गया। इसकी जानकारी विरोध करने वाले समूहों को नहीं थी। जब परिसर में वंदे मातरम् का स्वर गूंजा, तब उन्हें पता चला कि कार्यक्रम शुरू हो चुका है। इसके बाद कार्यक्रम में व्यवधान डालने और सभागार में प्रवेश करने के प्रयास किए गए।

मैं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अपने युवा कार्यकर्ताओं की सराहना करना चाहता हूं। उनकी संख्या सीमित थी, लेकिन उन्होंने संयम और जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग दिया। विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मचारियों और केरल पुलिस ने भी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए। कार्यक्रम के बाद जब मैं वहां से निकल रहा था, तब कुछ लोगों ने मुझे रोकने की कोशिश की। लेकिन मैं वहीं खड़ा रहा। विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों ने एक सुरक्षित रास्ता बनाया, जिसके माध्यम से मैं बाहर निकला। इसके बाद मैंने विश्वविद्यालय की कैंटीन में भोजन किया और वहां लगभग 15-20 मिनट तक रुका भी। फिर मैं कासरगोड रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां वंदे भारत ट्रेन में सवार होने से पहले वंदे मातरम् का उद्घोष किया और कोच्चि के लिए रवाना हो गया। मुझे कोई रोक नहीं सका। अगले दिन राज्यपाल के विश्वविद्यालय पहुंचने पर भी विरोध की खबरें सामने आईं। उस कार्यक्रम में भी व्यवधान डालने का प्रयास किया गया, लेकिन संबंधित प्रोफेसर ने विरोध के बावजूद अपना भाषण पूरा किया। विश्वविद्यालय का सभागार लगभग 200 लोगों की क्षमता वाला था और वह पूरी तरह भरा हुआ था। हमने कार्यक्रम को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों और प्रोफेसर के प्रति आभार व्यक्त किया। मेरे लिए इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण संदेश यही है कि विचारों का विरोध विचारों से होना चाहिए, धमकी या दबाव से नहीं। वंदे मातरम् पर चर्चा करना और उसके ऐतिहासिक महत्व को समझना किसी भी लोकतांत्रिक समाज में विवाद का विषय नहीं होना चाहिए।

वंदे मातरम् को बनाने में कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं है ऐसा आपने कहा इसपर आप संक्षिप्त रूप से क्या कहेंगे?

मैंने यह नहीं कहा कि कांग्रेस की कोई भूमिका ही नहीं थी। मेरा प्रश्न इससे अलग है। हमें यह समझना चाहिए कि बंग-भंग विरोधी आंदोलन का नेतृत्व किसने किया और वंदे मातरम् राष्ट्रीय आंदोलन की इतनी व्यापक पहचान कैसे बना। वंदे मातरम् का इतिहास किसी एक राजनीतिक दल या नेता के नेतृत्व तक सीमित नहीं है। बंगाल विभाजन के विरोध में जो जनजागरण हुआ, स्वदेशी आंदोलन ने जो गति प्राप्त की और भारतीय समाज में जो राष्ट्रीय चेतना विकसित हुई, वंदे मातरम् उस व्यापक परिवर्तन का एक प्रमुख प्रतीक बनकर उभरा। यह किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं हुआ था। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की रचना ने भारतीयों के भीतर मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और समर्पण की भावना को अभिव्यक्ति दी। बाद में यह गीत औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध संघर्ष करने वालों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। इस आंदोलन में अनेक लोगों और विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े राष्ट्रभक्तों ने योगदान दिया। इसलिए वंदे मातरम् को किसी एक राजनीतिक दल की उपलब्धि बताना उसके ऐतिहासिक महत्व को सीमित करना होगा। यह गीत राष्ट्रीय जागरण, सांस्कृतिक चेतना और स्वतंत्रता की आकांक्षा का प्रतीक था।

मेरा दूसरा प्रश्न वंदे मातरम् के मूल स्वरूप से जुड़ा है। जब हम किसी रचना की चर्चा करते हैं, तो उसके संपूर्ण भाव और ऐतिहासिक संदर्भ को समझना आवश्यक है। वंदे मातरम् की रचना का साहित्यिक और सांस्कृतिक स्वरूप ऐसा है कि उसके अर्थ को समझने के लिए उसकी संपूर्ण अभिव्यक्ति को जानना चाहिए। मैंने पहले भी कहा है कि वंदे मातरम् केवल राजनीतिक नारा नहीं है। यह भारतभूमि के प्रति श्रद्धा और समर्पण की अभिव्यक्ति है। इसकी शक्ति उसके ऐतिहासिक अनुभव और सांस्कृतिक भावभूमि में निहित है। भारत को विश्वगुरु बनाने की बात करते समय हमें यह समझना होगा कि राष्ट्रीय पुनर्जागरण केवल आर्थिक विकास से नहीं होता। उसके लिए सांस्कृतिक आत्मविश्वास, सामाजिक एकता और अपनी ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान भी जरूरी है। वंदे मातरम् इन भावनाओं को अभिव्यक्त करने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतीक है।

वर्ष 2026 में भी वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस  विवाद करती दिखाई देती है? इसके पीछे क्या राजनीति है?

मेरे विचार में इस विवाद के पीछे तुष्टीकरण की राजनीति की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जब किसी राष्ट्रीय प्रतीक के प्रति दृष्टिकोण धार्मिक पहचान और राजनीतिक लाभ के आधार पर तय किया जाने लगे, तो समस्या पैदा होती है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि किसी भी धर्म के मानने वाले व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। भारत की परंपरा विविधताओं का सम्मान करने की रही है। लेकिन विविधता के सम्मान का अर्थ यह नहीं हो सकता कि राष्ट्रीय प्रतीकों को लेकर समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा किया जाए। वंदे मातरम् के संदर्भ में राजनीतिक दलों को यह समझना चाहिए कि राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व पर चर्चा को वोटों के हिसाब-किताब तक सीमित करना उचित नहीं है। यदि किसी विषय पर मतभेद हैं, तो उनका समाधान संवाद और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर होना चाहिए, न कि धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करके।

मैं कांग्रेस से कहना चाहूंगा कि उसे इस विषय पर अपनी ऐतिहासिक भूमिका और वर्तमान राजनीतिक दृष्टिकोण का गंभीरता से मूल्यांकन करना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरिफ मोहम्मद खान जैसे लोगों ने भी समय-समय पर राष्ट्रीय एकता, धार्मिक सुधार और तुष्टीकरण की राजनीति के प्रश्नों पर अपने विचार रखे हैं। ऐसे विमर्श से सीखने की आवश्यकता है। वंदे मातरम् को लेकर 1930 के दशक में हुए विवाद का ऐतिहासिक संदर्भ भी महत्वपूर्ण है। कांग्रेस के भीतर इस गीत के किन अंशों को सार्वजनिक राजनीतिक आयोजनों में गाया जाए, इसे लेकर चर्चा हुई थी। वर्ष 1937 के आसपास इसके शुरुआती दो अंतरों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इस विषय पर हरिजन पेपर में महात्मा गांधी ने भी अपने विचार व्यक्त किए थे। हालांकि, उस समय के राजनीतिक और सामाजिक संदर्भ को समझे बिना आज के विवादों पर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। अगर मैं बताऊं तो गांधी जी एक टेल पीस हैं क्योंकि उनके नाम का सहारा लेकर आज लोग फायदा उठा रहे हैं। क्योंकि हाल ही में अचानक एक बच्चा वाड्रा से गांधी बन गया है...यह क्या है इसका सच सब जानते हैं।

इतिहास की घटनाओं का मूल्यांकन उनके समय और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। मेरी आपत्ति यह है कि आज भी वंदे मातरम् जैसे राष्ट्रीय प्रतीक को राजनीतिक लाभ और धार्मिक ध्रुवीकरण के नजरिये से देखा जाता है। इससे समाज में संवाद की संभावनाएं कमजोर होती हैं। भारत की जनता अब अपने राष्ट्रीय इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राजनीतिक विमर्श को लेकर पहले से अधिक जागरूक है। इसलिए राजनीतिक दलों को यह विश्वास रखना चाहिए कि राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर गंभीर और तथ्यपरक चर्चा ही जनता का विश्वास अर्जित कर सकती है।

वर्तमान समय में हिंदू समाज की एकजुटता को लेकर काफी चर्चा होती है। इस संदर्भ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की क्या भूमिका होनी चाहिए? वंदे मातरम् आंदोलन को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाना चाहिए?

वंदे मातरम् और राष्ट्रीय चेतना का विषय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए नया नहीं है। कुछ लोगों को लगता है कि संघ की शाखाओं में वंदे मातरम् का गायन हाल के वर्षों में शुरू हुआ है, जबकि संघ की स्थापना 1925 में हुई थी और उसकी राष्ट्रवादी वैचारिक परंपरा में वंदे मातरम् का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। संघ की शाखाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक समरसता पर जोर दिया जाता है। वंदे मातरम् इसी व्यापक भावभूमि से जुड़ा हुआ है। भारतीय भाषाओं में राष्ट्रभाव को अभिव्यक्त करने वाले गीत और साहित्य संघ की सांस्कृतिक गतिविधियों का हिस्सा रहे हैं। भारत की भाषाई विविधता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण है कि राष्ट्रीय चेतना केवल एक भाषा तक सीमित न रहे। हिंदी, मलयालम, तमिल, मराठी, गुजराती, ओड़िया और अन्य भारतीय भाषाओं में राष्ट्रभाव की अभिव्यक्ति देश की सांस्कृतिक एकात्मता को मजबूत करती है। वंदे मातरम् को लेकर जब भी विवाद उत्पन्न होता है, तब हमें उसके इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका को सामने रखना चाहिए। मेरा मानना है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उससे जुड़े संगठनों ने इस गीत के महत्व को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।

जहां तक हिंदू समाज की एकजुटता का प्रश्न है, मेरा मानना है कि समाज को अपने सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक होना चाहिए। लेकिन एकजुटता का अर्थ केवल किसी विरोध के विरुद्ध खड़ा होना नहीं है। इसका अर्थ है सामाजिक जिम्मेदारी निभाना, आपसी भेदभाव दूर करना, शिक्षा को बढ़ावा देना और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना। भारत की सभ्यता की शक्ति उसकी विविधता और सांस्कृतिक निरंतरता में है। इस विरासत को समझने और उसके प्रति सम्मान विकसित करने से समाज में आत्मविश्वास पैदा होता है। वंदे मातरम् का संदेश भी इसी भावना से जुड़ा है। यह मातृभूमि के प्रति समर्पण और उसके गौरव को स्वीकार करने की प्रेरणा देता है। इसलिए इस आंदोलन को किसी तात्कालिक राजनीतिक प्रतिक्रिया तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे राष्ट्रीय जागरण, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता की व्यापक पहल के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आप देश के युवाओं को क्या संदेश देना चाहेंगे? क्या यह गीत भारत को विश्वगुरु बनाने के लक्ष्य में कोई भूमिका निभा सकता है?

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होना केवल एक साहित्यिक रचना की वर्षगांठ नहीं है। यह भारत के राष्ट्रीय जागरण, स्वतंत्रता संघर्ष और सांस्कृतिक आत्मबोध की यात्रा को याद करने का अवसर है।

आज के युवाओं को यह समझना चाहिए कि भारत की स्वतंत्रता केवल राजनीतिक सत्ता के हस्तांतरण का परिणाम नहीं थी। इसके पीछे एक लंबा सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय संघर्ष था। अनेक लोगों ने अपने जीवन का बलिदान दिया और असंख्य लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन को जनांदोलन बनाने में योगदान दिया। वंदे मातरम् इस संघर्ष की प्रेरक अभिव्यक्तियों में से एक था। युवाओं को इस गीत का इतिहास पढ़ना चाहिए, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की रचनाओं को समझना चाहिए और यह जानना चाहिए कि औपनिवेशिक शासन के दौरान राष्ट्रीय प्रतीकों ने लोगों को किस तरह एकजुट किया।

विश्वगुरु बनने का लक्ष्य केवल आर्थिक या तकनीकी उपलब्धियों से पूरा नहीं होगा। भारत को विज्ञान, अनुसंधान, शिक्षा, नवाचार और आर्थिक विकास में अग्रणी बनना होगा। साथ ही उसे अपनी सभ्यतागत विरासत को समझने और आधुनिक विश्व के साथ उसका सार्थक संवाद स्थापित करने की क्षमता भी विकसित करनी होगी। मैं युवाओं से कहना चाहूंगा कि वे वंदे मातरम् को केवल किसी समारोह में गाए जाने वाले गीत के रूप में न देखें। उसके ऐतिहासिक संदर्भ, साहित्यिक सौंदर्य और राष्ट्रीय महत्व को समझें। भारत की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लें और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं। वंदे मातरम्—भारत की आत्मा और सांस्कृतिक चेतना की ओर लौटने का आह्वान है। यही चेतना भारत को परम वैभव की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सकती है। 

 

Leave Your Comment

 

 

Top