UP BJP List Today: उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन टीम का ऐलान गुरुवार को हो गया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की टीम में 18 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 18 मंत्री बनाए गए हैं। इसमें पूर्वांचल की नेता और सपा छोड़ बीजेपी में आईं पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले पूर्व मंत्री सुरेश राणा को भी उपाध्यक्ष बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश भाजपा संगठन में 19 उपाध्यक्ष हो गए हैं। जबकि प्रदेश मंत्री की संख्या 18 है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, चुनाव के 9 महीने पहले बीजेपी की इस टीम को बेहद अहम माना जा रहा है।
इसमें समाजवादी पार्टी के पीडीए की काट के लिए ओबीसी पर जोर दिया गया है। दिनेश प्रताप सिंह को यूपी बीजेपी का प्रवक्ता बनाया गया है। देवेंद्र सिंह यूपी भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए हैं। रोहित मिश्रा को भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अशोक रावत भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। सरोज कुशवाहा भाजपा महिला मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। तो वहीं नीरज सिंह को बीजेपी में उपाध्यक्ष बनाया गया है, जो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे हैं।
यूपी बीजेपी प्रदेश संगठन की लिस्ट के मुताबिक, 19 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डा धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, आलोक गुप्ता, राजेश यादव और कृष्ण बिहारी राय शामिल हैं। इनमें कई ओबीसी वर्ग के नेता शामिल हैं।
यूपी बीजेपी प्रदेश संगठन की सूची

ये नेता बनाए गए प्रदेश महामंत्री
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश संगठन में आठ महामंत्री भी बनाए हैं। इनमें रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल हैं।
इन नेताओं को बनाया गया प्रदेश मंत्री
पंकज चौधरी ने अपनी टीम में 18 मंत्री भी बनाए हैं। जिन नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है, उनमें कई ओबीसी वर्ग से आते हैं। बीजेपी ने इस लिस्ट में सभी जातियों के नेताओं को जगह दी है। जिन नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है, उनमें विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर और प्रमेन्द्र जांगड़ा विश्वकर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
Leave Your Comment