नई दिल्ली: बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। बता दें कि बिहार के 18 जिलों के 121 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 6 नवंबर को चुनाव होने हैं। जिसको लेकर सभी पार्टियों के द्वारा बड़े पैमाने पर जनसभाएं एवं रैलीयां की जा रही हैं। ऐसे में इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में आज शाम पांच बजे प्रचार अभियान समाप्त होगा।
चुनाव के सफलतापूर्वक संपन्न होने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही पूरे चुनाव की कड़ी मॉनीटरिंग की जाएगी। ऐसे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, महागठबंधन और अन्य दलों के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए आज पांच बजे तक प्रचार करेंगे।
पहले चरण की वोटिंग:
पहले चरण में जिन 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होने हैं, उनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और नालंदा जिले की विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन सभी सीटों पर NDA और महागठबंधन के बीच सीधे तौर पर कांटे की टक्कर देखने को मिल सकता है।
Leave Your Comment