नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 श्रृंखला के दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। ऐसे में तीसरा मुकाबला 28 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। अभी तक दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग तीनों डिपार्टमेंट में इंग्लैंड के ऊपर भारी पड़ी है। भारत के युवा प्लेयर्स ने दमदार प्रदर्शन किया है। पहले मैच में जहां अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। वहीं दूसरे मैच में तिलक वर्मा संकटमोचन बनकर उभरे। उन्होंने 72 रनों की पारी खेली और नॉट आउट लौटे। अब भारतीय टीम की निगाहें तीसरा टी20 मैच जीतकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त लेने पर होंगी।
तीसरे टी20 मैच में ओपनिंग करने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा उतर सकते हैं। अभिषेक ने पहले टी20 मैच में तूफानी 79 रनों की पारी खेली थी। संजू भी जरूरत पड़ने पर बड़ी पारी खेल सकते हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में दो शतक लगाए थे। तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा को मौका मिल सकता है। उन्होंने दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को अपने दम पर विजेता बनाया था। इससे पहले अफ्रीका में उन्होंने लगातार 2 T20I मैचों में शतक जड़े थे। वह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और उनके बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं।
चौथे नंबर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव उतर सकते हैं। पिछले कुछ समय से सूर्या अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। ऐसे में वह तीसरे टी20 में रन बनाना चाहेंगे। पांचवें नंबर पर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को चांस मिल सकता है। ध्रुव जुरेल को दूसरे टी20 मैच में चांस मिला था, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम साबित हुए थे। टीम मैनेजमेंट उन्हें एक और मौका दे सकती है। विकेटकीपर की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंपी जा सकती है।
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह करते हुए नजर आएंगे। वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल को भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। सुंदर ने दूसरे टी20 मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी और अहम मौके पर 26 रन बनाए थे। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई को मिल सकती है। वरुण अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी गेंदों को विरोधी बल्लेबाजों के लिए समझना मुश्किल हो रहा है।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।
Leave Your Comment