logo

हिंदुत्व की कल्याणकारी दृष्टि और उसके विरुद्ध षड्यंत्र

The benevolent vision of Hindutva and the conspiracies against it


प्रो. बलदेव भाई शर्मा


रत की पहचान क्या है? राम-कृष्ण- शिव और गीता- रामायण-महाभारत तथा इनसे जुड़े तत्वचिंतन की अनेक बातें। बौद्ध और जैन दर्शन भी इसी भारतीय चिंतन परंपरा का विस्तार हैं। दशमेश गुरु गोविंद सिंह जी महाराज द्वारा खालसा पंथ की स्थापना के समय की गई घोषणा का उल्लेख भी चर्चित है—

सकल जगत में खालसा पंथ गाजे, जागे धर्म हिंदू सकल भंड भाजे। इससे संदेश मिलता है कि महान खालसा पंथ की स्थापना कर गुरु साहब ने भारत के जिस शौर्य और बलिदान की परंपरा का सूत्रपात किया, वह हिंदू धर्म और हिंदुत्व की रक्षा के लिए था। इसका उद्देश्य विधर्मी शक्तियों द्वारा हिंदुत्व और हिंदू धर्म के विरुद्ध रचे गए षड्यंत्रों तथा विनाश के अंधकार को समाप्त कर हिंदुत्व की लालिमा फैलाना था। जैसे गुरु तेग बहादुर साहब ने हिंदू धर्म की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। खालसा पंथ भारत और हिंदुत्व की पहचान है। हिंदुत्व का अर्थ है सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना। यह केवल मानवता ही नहीं, बल्कि समस्त जीव-जगत के कल्याण का विचार है। हिंदुत्व का दर्शन और हिंदू धर्म की संकल्पना भी यही है। 'वसुधैव कुटुंबकम्' हमारा व्यापक हिंदू दर्शन है। 'सर्वभूत हिते रता' और 'बहुजन हिताय' की व्यापक जीवनदृष्टि विश्व को हिंदू दर्शन और चिंतन की ही देन है, जिसने दुनिया को शांति, सुख और सौहार्द के साथ जीने का मार्ग दिखाया। यही कारण है कि भारत को विश्वगुरु कहा जाता है।

विडंबना यह है कि ऐसे पंथ, मजहब और विचारधाराएँ भी पैदा हुईं, जिन्होंने अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए दुनिया के अनेक हिस्सों में हिंसा, नरसंहार, लूट और आतंक का सहारा लिया। उन्होंने वहाँ की संस्कृतियों और पहचान को नष्ट किया तथा मानवता पर घोर अत्याचार किए। अंग्रेज, पुर्तगाली, इस्लामी आक्रांता और साम्यवादी विचारधारा के कई शासन इसके उदाहरण रहे हैं। इन्हें मानवता का शत्रु कहना भी अतिशयोक्ति नहीं होगी। भारत प्राचीन काल से ही मानवता का हितचिंतक रहा है। उसका जीवनदर्शन हिंदुत्व के रूप में 'सबकी रक्षा और सबका कल्याण' रहा है। इसलिए मानवता की रक्षा और अपने प्रभाव के विस्तार के लिए विनाशकारी षड्यंत्रों को अंजाम देने वाली शक्तियों के निशाने पर भारत शुरू से ही रहा है। भारत ने करीब एक हजार वर्षों तक भीषण संघर्षों का सामना किया और अंततः विदेशी तथा विधर्मी ताकतों को परास्त कर अपनी विजय पताका फहराई। विदेशी और विधर्मी शक्तियों के अलग-अलग स्वरूपों के बाद सत्ता में बैठे लोगों ने भी वोट की राजनीति के लिए हिंदुत्व को कमजोर करने और समाप्त करने के अनेक षड्यंत्र किए।

मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2011 में तैयार किया गया 'सांप्रदायिक और लक्षित हिंसा निवारण विधेयक' इसका एक बड़ा उदाहरण है। इस विधेयक का प्रारूप उस सरकार की रिमोट कंट्रोल मानी जाने वाली सोनिया गांधी की अगुवाई में गठित राष्ट्रीय सलाहकार परिषद ने तैयार किया था। इस परिषद में ऐसे लोग भी शामिल थे, जिनकी विचारधारा और निष्ठा को लेकर गंभीर सवाल उठाए जाते रहे हैं।

जब अन्ना हजारे के आंदोलन से पूरा देश आंदोलित था और यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ लोग एकजुट होकर उनका समर्थन कर रहे थे, तब एक प्रतिबद्ध अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित लेख में यह तर्क दिया गया कि लेखक अन्ना आंदोलन के मंच पर इसलिए नहीं गया, क्योंकि वहाँ भारत माता की तस्वीर लगाई गई थी। यह वही मानसिकता थी, जिसमें भारत माता को आरएसएस और उससे जुड़े लोगों की पहचान मानकर देखा जाता है। मानो भारत माता की तस्वीर केवल उन्हीं लोगों की हो सकती है, जो उसे अपने घरों और आयोजनों में लगाते हैं। जबकि भारत माता समस्त देशवासियों की आराध्य हैं और हिंदुत्व की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक हैं।

हिंदू चिंतन में अथर्ववेद के पृथ्वी सूक्त में कहा गया है—

माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः।

अर्थात् यह धरती मेरी माता है और मैं इसकी संतान हूँ। लेकिन सत्ता के स्वार्थों के लिए भारत, भारत माता और हिंदुत्व के प्रति विरोध की भावना रखना षड्यंत्रकारी मानसिकता का खतरनाक उदाहरण है।

सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण और पुनर्प्रतिष्ठा हिंदू पुनरुत्थान का प्रतीक है। सोमनाथ मंदिर भारत और हिंदू धर्म के स्वाभिमान का प्रतीक रहा है। एक मुस्लिम आक्रांता ने इसे कई बार लूटा और ध्वस्त किया। इस अपमान और पीड़ा को हिंदू समाज की पीढ़ियों ने सहा। स्वतंत्रता के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने इस ऐतिहासिक अपमान का प्रतिकार करते हुए सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया। मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ और उसकी पुनर्प्रतिष्ठा के अवसर पर हिंदुत्व के स्वाभिमान का प्रतीक फिर से स्थापित हुआ। लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इसे हिंदू पुनरुत्थानवाद मानकर इसके विरोध में खड़े हो गए। उन्होंने अपनी ही सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को भी समारोह में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया।

आज भी भारत और हिंदुत्व को कमजोर करने, यहाँ तक कि उनकी पहचान समाप्त करने के षड्यंत्र किए जा रहे हैं। विदेशी फंडिंग से संचालित अनेक थिंक टैंक और राजनीतिक नेटवर्क इस दिशा में सक्रिय दिखाई देते हैं। कुछ नए राजनीतिक दलों और उनके नेताओं की भूमिका भी इसी संदर्भ में चर्चा का विषय बनती रही है। देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुँचाने वाले लोगों के साथ सत्ता और राजनीति के गठजोड़ में भारत के प्रति वास्तविक प्रतिबद्धता दिखाई नहीं देती।

हिंदुत्व पर चोट करके ही कुछ लोग स्वयं को प्रगतिशील और विश्वशांति का पक्षधर दिखाने की कोशिश करते रहे हैं। जबकि भारत की जड़ें हिंदुत्व, हिंदू धर्म-संस्कृति और हिंदू जीवनमूल्यों में हैं।

हिंदू संस्कृति एक समृद्ध परंपरा है। इसमें तत्वज्ञान, दर्शन, जीवनमूल्य और मानवीय चेतना का व्यापक संसार समाहित है। इसे रूढ़िवादिता, पोंगापंथ या मिथ्या बताना हिंदुत्व के प्रति उस विरोधी मानसिकता का परिणाम है, जो लंबे समय से कुछ लोगों के मन-मस्तिष्क में जड़ें जमाए बैठी है।

प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल के दौरान संविधान में 42वाँ संशोधन कर उसकी प्रस्तावना में 'समाजवादी' और 'पंथनिरपेक्ष' शब्द जोड़ दिए। संविधान सभा में इस विषय पर लंबी चर्चा हुई थी। संविधान निर्माताओं का मानना था कि भारत के विचार और मूल चरित्र में ही पंथनिरपेक्षता निहित है, इसलिए संविधान में इसके लिए अलग से प्रावधान करने की आवश्यकता नहीं है।

लेकिन सेकुलरवाद और अल्पसंख्यकवाद कांग्रेस की सत्ता तथा बाद में विभिन्न राजनीतिक दलों में स्थापित नेताओं की महत्वाकांक्षाओं के कारण राजनीतिक समीकरणों का आधार बन गए। तुष्टीकरण की राजनीति के लिए संविधान की मूल भावना में बदलाव करने से भी परहेज नहीं किया गया। इसका सहारा लेकर देश में हिंदुत्व को कमजोर करने, उसकी पहचान मिटाने और यहाँ तक कि उसे नष्ट करने के प्रयास किए गए। विडंबना देखिए कि उसी संविधान की नकली लाल किताब हाथ में लेकर ये लोकतंत्र को बचाने  की बात कहते हैं जबकि इनकी पूरी राजनीति हिंदुत्व को कमजोर करने और भारत विभाजक ताकतों के साथ खड़े दिखने पर टिकी है।

अयोध्या में रामलला का मंदिर न बन सके, इसके लिए राजनीतिक कुचक्र रचे गए। राम मंदिर हिंदुत्व की पहचान और भारत के सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके पुनर्निर्माण में अनेक बाधाएँ खड़ी की गईं। यहाँ तक कि मंदिर के स्थान पर सार्वजनिक शौचालय बनवाने जैसे सुझाव भी दिए गए और पुस्तकालय की आवश्यकता पर सवाल उठाए गए। राम मंदिर मामले में कांग्रेस की हिंदुत्व विरोधी मानसिकता तब भी सामने आई, जब उसकी नेतृत्व वाली सरकार ने अदालत में हलफनामा देकर राम के अस्तित्व और उनसे जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों पर सवाल खड़े किए।

आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के प्रयासों से देश में हिंदुत्व और सनातन संस्कृति के आधार को मजबूत होते देखा जा रहा है, तब कुछ ऐसे नेता भी कांग्रेस के सुर में सुर मिलाते दिखाई देते हैं, जो स्वयं को सनातनी बताने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी के निर्देशों पर मंदिरों में जाने और स्वयं को सनातनी साबित करने की राजनीतिक कोशिशें भी इसी संदर्भ में देखी जा सकती हैं।

समाजवाद की बात करें तो उसका राजनीतिक स्वरूप भी कई बार विरोधाभासों से भरा दिखाई देता है। परिवारवाद और सत्ता के केंद्रीकरण के बीच समाजवाद तथा पंथनिरपेक्षता के दावों का क्या औचित्य रह जाता है? द्रविड़ राजनीति में समाजवाद और पंथनिरपेक्षता के नाम पर हिंदुत्व विरोध तथा तुष्टीकरण के आरोप भी लगातार उठते रहे हैं। इससे बड़ा संविधान की मूल भावना का मजाक और क्या हो सकता है?

ऐसी हिंदुत्व विरोधी मानसिकता से प्रभावित होकर अनेक तथाकथित बुद्धिजीवी हिंदुत्व के प्रतीकों का मजाक उड़ाने लगे। हिंदू परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को ढकोसला या मिथ्या बताने की प्रवृत्ति बढ़ी। इससे हिंदुत्व विरोधी औपनिवेशिक मानसिकता को और मजबूती मिली।

कैथरीन मेयो की अंग्रेजी पुस्तक 'मदर इंडिया' (1927) में भारतीय समाज और हिंदू संस्कृति की तीखी आलोचना की गई थी। स्वतंत्रता के बाद भी सांप्रदायिकता और भारतीय इतिहास के नाम पर अनेक पुस्तकें लिखी गईं, जिनमें वामपंथी बुद्धिजीवियों और इतिहासकारों पर हिंदुत्व के विरुद्ध मनगढ़ंत विचार और गलत धारणाएँ फैलाने के आरोप लगते रहे हैं। 'आदिपुरुष' जैसी रामकथा पर आधारित फिल्मों के संवाद और रामायण जैसे धार्मिक आख्यानों में मनोरंजन के नाम पर जोड़े गए प्रसंग भी हिंदुत्व विरोधी मानसिकता से उपजे उदाहरण माने जाते हैं।

कुछ लोग यह कहकर ऐसे बदलावों को सामान्य मान लेते हैं कि इससे क्या फर्क पड़ता है? लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं है कि इसका हिंदू परिवारों की नई पीढ़ी की मानसिकता पर कितना प्रभाव पड़ सकता है।

रामायण पर आधारित फिल्मों और धारावाहिकों में चरित्रों की प्रस्तुति भी विचारणीय है। एक समाचार चैनल पर 10-12 वर्ष की बच्ची को यह कहते हुए दिखाया गया कि वह रामायण में रावण से प्रभावित हुई। यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि किसी पात्र के महिमामंडन का बच्चों की सोच पर क्या असर पड़ता है। इसी तरह, सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री का यह कहना कि रावण इतना भी बुरा नहीं था, कई सवाल खड़े करता है। आखिर यह कैसी मानसिकता है, जो अप्रत्यक्ष रूप से भगवान राम के जीवन-उद्देश्य और उनके आदर्शों पर ही सवाल खड़े करने लगती है? रामायण दिखाकर राम के विरुद्ध विमर्श खड़ा करना हिंदुत्व विरोधी सोच का उदाहरण है। इस तरह के प्रसंगों को हिंदुत्व के विरुद्ध सुनियोजित वैचारिक प्रयासों के रूप में देखा जाता है।

हिंदुत्व का प्रभाव इतना व्यापक है कि आज पाकिस्तान भी स्वयं को पाँच हजार वर्ष पुरानी सिंधु घाटी सभ्यता का वंशज बताकर अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का प्रयास करता है। जिन्ना की मुस्लिम लीग की मानसिकता और मजहब के आधार पर भारत का विभाजन स्वीकार करने वाले राजनीतिक नेतृत्व ने वंदे मातरम् के भी टुकड़े किए। इसके बावजूद आज वही राजनीतिक धारा स्वयं को सनातन संस्कृति के निकट दिखाने की कोशिश करती है।

वास्तव में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हिंदुत्व विरोधी षड्यंत्र चलाए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं। कुछ अमेरिकी और यूरोपीय संगठनों तथा भारत में विदेशी आर्थिक सहायता से सक्रिय समूहों पर राष्ट्रविरोधी विमर्श को बढ़ावा देने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। विदेशी धन से संचालित कथित सामाजिक और युवा आंदोलनों के नाम पर 'भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह, इंशा अल्लाह' और 'नाम रहेगा अल्लाह का' जैसे नारे चर्चा में आए। ऐसे घटनाक्रमों ने विदेशी फंडिंग और उसके माध्यम से देश में वैचारिक गतिविधियों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

ऐसे में यदि भारत सरकार विदेशी धन के दुरुपयोग को रोकने और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) में संशोधन करना चाहती है, तो इसका विरोध करने वाले समूहों की बेचैनी भी सवाल खड़े करती है। सरकार पर नए-नए आरोप लगाकर विमर्श को भटकाने के प्रयास किए जाते हैं। लेकिन सरकार को इन आरोपों से विचलित हुए बिना राष्ट्रीय हितों और भारत की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए दृढ़ रहना चाहिए।

हिंदुत्व की उदार और कल्याणकारी दृष्टि कोई मजहबी एजेंडा नहीं है। यह मानवता, सहअस्तित्व, शांति और संपूर्ण विश्व के कल्याण का संकल्प है। यही भारत की वास्तविक पहचान है और इसी की रक्षा करना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है।


(आलेख में व्यक्त विचार लेखक के हैं। उनसे संपादक व प्रकाशक का सहमत होना अनिवार्य नहीं है। किसी भी विवाद की स्थिति में हमारा न्याय क्षेत्र दिल्ली होगा।)

Leave Your Comment

 

 

Top