सुपरस्टार रजनीकांत अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धर्मन’ की शूटिंग के लिए मैसूर पहुंचे हैं। यहां शूटिंग सेट पर वह सादगी भरे अंदाज में ऑटो-रिक्शा में बैठकर पहुंचे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। ऑटो से उतरने के बाद रजनीकांत ने वहां मौजूद फैंस का अभिवादन किया। अश्वथ मारिमुथु के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को कमल हासन की कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल और टरमरिक मीडिया के आर महेंद्रन मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस बीच रजनीकांत की एक और फिल्म ‘जेलर 2’ भी 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म ‘धर्मन’ में रजनीकांत के किरदार का पहला पोस्टर इसी साल जून में जारी किया गया था। पोस्टर में रजनीकांत अपने ट्रेडमार्क सनग्लासेस पहने और हाथ में खून से सना सर्जिकल चाकू (स्केल्पल) थामे नजर आए थे। इसके बैकग्राउंड में एक ऑपरेटिंग थिएटर दिखाया गया था। फिल्म में रजनीकांत एक डॉक्टर की भूमिका में हैं। उनके साथ सिमरन बग्गा, राशी खन्ना और योगी बाबू भी मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे।

30सितंबर को यामी गौतम की फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में दर्शक देखेंगे कि किस तरह ‘भाभी डायन है’ वाला रहस्य उम्मीदों से परे एक धमाकेदार और मनोरंजक सफर में बदल जाता है। फिल्म में मोहिनी का किरदार निभाने वाली यामी गौतम धर के अब तक के सबसे अनदेखे अवतार में नजर आने वाली हैं। ये फिल्म एक नई और आदर्श बहू, एक अतरंगी परिवार और एक ऐसे राज की कहानी है, जो घर की दहलीज पार कर कोसों दूर तक जाती है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी और हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखी. आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा द्वारा प्रोड्यूस की गई ‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ पर आधारित है, जो भारत की अपनी फैंटेसी फैमिली-एंटरटेनर फिल्म है। यह फिल्म जबरदस्त हंसी-मजाक, पारिवारिक उथल-पुथल, अनसुलझे रहस्यों और धमाकेदार एक्शन की ऐसी जुगलबंदी है, जो पर्दे पर एक शानदार उत्सव जैसा अनुभव पेश करने वाली है।
इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को अवस्थी परिवार की दुनिया में ले जाता है, जहां परिवार की नई बहू, मोहिनी के आने के बाद ऐसे कई सवाल सामने आते हैं, जिनका कोईजवाब नहीं है। एक सामान्य भारतीय परिवार के जाने-पहचाने माहौल में रंग-बिरंगे किरदार, उन सबकी अलग-अलग राय और शादी की तमाम रस्मों से शुरू होने वाला सिलसिला धीरे-धीरे दर्शकों की सोच से परे और हैरान करने वाली दुनिया के दरवाजे खोल देता है।

बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी है। अभिनेत्री की टीम ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया है कि लॉस एंजेलिस स्थित एक AI कंपनी ने बिना अनुमति उर्वशी के नाम, तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल किया। उर्वशी की टीम का कहना है कि कंपनी ने अभिनेत्री की पहचान और डिजिटल कंटेंट का उपयोग कर कथित तौर पर बड़ी रकम कमाई। इसी मामले में अब कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं और हर्जाने के रूप में 7,000 करोड़ रुपये की मांग की गई है। उर्वशी रौतेला की टीम ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में कहा कि संबंधित कंपनी ने अभिनेत्री की तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करने से पहले कोई कानूनी अनुमति या अधिकार हासिल नहीं किए। बयान के मुताबिक, कंपनी ने कथित तौर पर उर्वशी के नाम और तस्वीरों के जरिए बड़ा व्यावसायिक लाभ कमाया। टीम ने कहा कि अभिनेत्री अपने अधिकारों की सुरक्षा के लिए कानूनी उपाय अपना रही हैं। बयान में कहा गया, “हम उचित कानूनी कदम उठा रहे हैं, जिसमें लॉस एंजेलिस स्थित कंपनी के खिलाफ हर्जाने की मांग भी शामिल है। इस हर्जाने का आकलन फिलहाल 7,000 करोड़ रुपये किया गया है।”

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के सेट पर फिसल गए। इससे उनके बाएं घुटने में चोट आई है। हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने इस हादसे की जानकारी दी। अमिताभ आमतौर पर शो की शुरुआत विंग्स से दौड़कर आते हुए और स्टेज के सेंटर में खड़े होकर अपने मोनोलॉग से करते हैं। हालांकि, पैर में दर्द के कारण उन्होंने इस बार बैठकर एपिसोड की शुरुआत की। उन्होंने दर्शकों से कहा कि चोट गंभीर नहीं है और वे कंटेस्टेंट्स के साथ खड़े होकर ही गेम होस्ट करेंगे। अमिताभ बच्चन ने शो की शुरुआत में ही अपने फैंस और दर्शकों को इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने अपने बाएं घुटने की तरफ इशारा करते हुए कहा कि बीते दिन शूटिंग के समय उनका पैर फिसल गया था। उन्होंने कहा कि आम तौर पर वे सेंटर में खड़े होकर अपनी बात रखते हैं, लेकिन आज खड़े होने में थोड़ी तकलीफ हो रही है। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है। अमिताभ बच्चन साल 2000 से इस क्विज़ शो को होस्ट करते आ रहे हैं। केवल तीसरे सीजन को छोड़कर, जिसे शाहरुख खान ने होस्ट किया था, बाकी सभी सीजन्स में अमिताभ ही शो का मुख्य चेहरा रहे हैं। 83 से अधिक उम्र में भी उनकी फिटनेस और काम के लिए समर्पण की लोग तारीफ करते हैं।
Leave Your Comment