logo

शाहरुख का जलवा लोकार्नो तक

Shahrukh's charm till Locarno

बॉलीवुड के मेगा सुपरस्टार के तौर पर शाहरुख खान को काफी जाना जाता है। बीते समय में देखा गया है कि कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शाहरुख के नाम की गूंज रही है। अब ये कारवां लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल 2024  तक आगे जाने वाला है। खबर है कि बॉलीवुड के बादशाह को इस फिल्म समारोह में खास सम्मान से नवाजा जाएगा। सिर्फ इतना ही नहीं किंग खान की सुपरहिट फिल्म देवदास की स्क्रीनिंग भी इस दौरान की जाएगी।

प्रतिष्ठित पार्डो अला कैरियरा असकोना-लोकार्नो टूरिज्म के तहत किंग खान को ये अवॉर्ड मिलेगा। उनके करियर के लिए इसे एक स्पेशल ट्रिब्यूट बताया जा रहा है। इस खबर के सामने आने के बाद शाह रुख के फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। एक सुपरस्टार के तौर पर उनके लिए ये एक बड़ी उपलब्धि साबित होने वाली है। सिर्फ इतना ही नहीं लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल में निर्देशक संजय लीला भंसाली और शाह रुख की सुपरहिट फिल्म देवदास की स्क्रीनिंग की जाएगी। बता दें कि आने वाले समय में शाह रुख खान बेटी सुहाना खान संग फिल्म किंग में दिखाई दे सकते हैं।

 

हिना को प्रभु का सहारा

हिना खान इन दिनों काफी मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा मैसेज शेयर कर अपने ब्रेस्ट कैंसर का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि वह इस कैंसर की तीसरी स्टेज पर हैं और इलाज करवा रही हैं। हिना इस वक्त बेहद हिम्मत से काम ले रही हैं। हिना के हौसले की हर कोई तारीफ कर रहा है। फैंस से लेकर एक्ट्रेस के दोस्त और सेलेब्स हर कोई उनके साथ खड़ा हुआ नजर आ रहा है। बीते दिनों अंकिता लोखंडे से लेकर ये रिश्ता क्या कहलाता है की कास्ट समेत कई सेलेब्स ने अभिनेत्री को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया। वहीं अब साउथ की जानी-मानी हीरोइन सामंथा रुथ प्रभु ने भी हिना के लिए प्रार्थना की है। हिना खान के कैंसर की खबर से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मचा हुआ है, जिसको देखो वो हिना के लिए दुआ कर रहा है। इस बीच एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु को हिना के बारे में जानकर धक्का लगा है। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया है और सामंथा ने कैप्शन में लिखा है- हिना खान के लिए प्रार्थना कर रही हूं, हिना खान रियल वॉरियर। सामंथा के पोस्ट को देख हिना खान ने अपनी स्टोरी पर साझा करते हुए लिखा- किसी को जानना ना जानना पर मैं जानती हूं कि आप एक शानदार स्टार हैं, जिस तरह से आपने अपनी लाइफ को हैंडल किया है, जो सबसे अलग है, ढेर सारा प्यार आपको सामंथा रुथ प्रभु।

 

दिशा का PD

दिशा पाटनी बॉलीवुड इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत, बोल्ड और फिट एक्ट्रेसेस में से हैं। दिशा अक्सर ही अपने लुक्स को लेकर सुर्खियों में छाई रहती हैं। सोशल मीडिया पर उनके ग्लैमरस लुक्स की अक्सर चर्चा होती रहती है, लेकिन इन दिनों दिशा प्रभास-दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन स्टारर 'कल्कि 2898 एडी' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें अभिनेत्री ने अहम रोल निभाया है। कई शानदार फिल्मों के बाद भी दिशा पाटनी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर ज्यादा सुर्खियों में रहती हैं। एक बार फिर कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है। हाल ही में कल्कि 2898 एडी रिलीज हुई है, लेकिन दिशा अपने टैटू को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक्ट्रेस के हाथ में एक ऐसा टैटू दिखा कि उनकी लव लाइफ के चर्चों ने फिर जोर पकड़ लिया।

दरअसल, हाल ही में इंस्टेंट बॉलीवुड ने दिशा पाटनी की कुछ तस्वीरें पोस्ट की थीं, इस दौरान दिशा एक लो-वेस्ट पैंट और ग्रे टैंक टॉप में नजर आईं।

उन्होंने अपने लुक को ब्लैक सनग्लासेस और व्हाइट बैग से पूरा किया। दिशा इस दौरान बेहद खूबसूरत लग रही थीं, लेकिन जिस चीज ने लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा खींचा वह था अभिनेत्री के हाथ में बना 'PD' का टैटू। दिशा का टैटू देखने के बाद हर तरफ बस यही चर्चे थे कि आखिर दिशा के हाथ में ये किसके नाम का टैटू है। कई ने एक्ट्रेस का नाम उनके कल्कि 2898 एडी को-स्टार प्रभास के साथ जोड़ना शुरू कर दिया। ऐसे में इन खबरों पर अब खुद भी रिएक्शन दिया है। दिशा ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा- 'मेरे टैटू को लेकर इतनी उत्सुकता देखकर खुशी हुई! आखिर किस बात का इतना जश्न है! #क्लाउडनाइन"  तस्वीर में दिशा को अपनी बांह पर 'पीडी' अक्षर दिखाते हुए देखा जा सकता है। 

 

करीना और एकता फिर साथ

वीरे दी वेडिंग' और 'क्रू' जैसी सफल फिल्मों के बाद करीना कपूर खान और एकता कपूर फिर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म मेकर हंसल मेहता की अगली फिल्म 'द बकिंघम मर्डर्स' के लिए हाथ इस जोड़ी ने हाथ मिलाया है। जोड़ी जो पहले कॉमेडी ड्रामा के जरिए दिल जीत चुकी है, वह अब एक मर्डर मिस्ट्री के साथ आ रही है और यह सच में दिलचस्प लग रहा है। इस फिल्म के जरिए करीना कपूर खान को बतौर को-प्रोड्यूसर भी इंट्रोड्यूस किया जाएगा। बता दें कि यह फिल्म सिनेमाघरों में 13 सितंबर 2024 को रिलीज की जाने वाली है।

फिल्म ने अपने दिलचस्प पोस्टर के साथ एक्साइटमेंट का माहौल बना दिया है, जो इसकी गहरी और थ्रिल से भरी दुनिया की झलक देता है। ऐसे में दर्शक इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठाने के लिए बेसब्री से फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म ने BFI लंदन फिल्म फेस्टिवल 2023 में अपनी स्क्रीनिंग और जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल 2023 में प्रदर्शित होने वाली पहली फिल्म बनकर अपनी रिलीज से पहले ही सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। यह फिल्म एक जबरदस्त थ्रिलर होगी, जिसमें छुपे हुए राज और रिश्तों पर रोशनी डाली जाएगी, साथ ही कहानी में एक छुपी हुई हत्या की मिस्ट्री के रहस्य को सुलझाते हुए देखा जाएगा।

करीना कपूर खान, ऐश टंडन, रणवीर बरार और कीथ एलन जैसे बेहतरीन एक्टर्स से सजी 'द बकिंघम मर्डर्स' का डायरेक्शन हंसल मेहता ने किया है, जिसे असीम अरोड़ा, कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ द्वारा लिखा गया है। शोभा कपूर, एकता आर कपूर और करीना कपूर खान संग इस फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स और टीबीएम फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। 'द बकिंघम मर्डर्स' 13 सितंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

शरवरी ने दीपिका को पीछे छोड़ा


बॉलीवुड एक्ट्रेस और सनी कौशल की रूमर्ड गर्लफ्रेंड शरवरी वाघ इन दिनों अपनी फिल्म मुंज्या को लेकर चर्चा में हैं। इसके अलावा शरवरी को हाल ही में जुनैद खान की फिल्म महाराज में भी अपनी स्पेशल अपीयरेंस के लिए भी खूब तारीफें मिलीं। वहीं एक्ट्रेस ने अब imdb पर भी बड़ी बढ़त हासिल की है। एक्ट्रेस को मोस्ट पॉपुलर इंडियन सेलेब्स की लिस्ट में पहला स्थान मिला है। एक्ट्रेस ने इस लिस्ट में दीपिका पादुकोण को भी पीछे छोड़ दिया है। इस मामले में अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए शरवरी ने कहा,'ये साल मेरे लिए कैसा रहा, इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। मैं 'मुंज्या' और 'महाराज' को मिल रहे प्यार के लिए सभी की आभारी हूं।' बता दें कि सिर्फ शरवरी ही नहीं महाराज के िलए उनके अन्य को-एक्टर्स की रेटिंग में भी वृद्धि देखी गई। वहीं फिल्म में किशोरी का किरदार निभाने वाली शालिनी पांडे 5वें स्थान पर रहीं, जयदीप अहलावत (जदुनाथ महाराज) ने 10वां स्थान हासिल किया और जुनैद खान (करसनदास) 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। मुंज्या आने वाले दिनों में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है।

Leave Your Comment

 

 

Top