नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटील का शुक्रवार की सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने लातूर में अपने घर 'देववर' में अंतिम सांस ली। शिवराज पाटील चाकूरकर लोकसभा के सभापति और विभिन्न केंद्रीय मंत्री पदों पर कार्यरत रहे थे। लंबी बीमारी के कारण घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
अपने राजनीतिक करियर में शिवराज पाटील ने देश के लिए कई प्रतिष्ठित पदों की जिम्मेदारी संभाली है। महाराष्ट्र से आने वाले शिवराज पाटील चाकूरकर मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं। लातूर ग्रामीण सीट से वह 1973 से 1980 तक विधायक रहे। 1980 के बाद वह लातूर संसदीय सीट से चुनाव जीतकर कई बार लोकसभा पहुंचे। साल 2008 में मुंबई में आतंकवादी हमले के समय शिवराज पाटील देश के गृह मंत्री थे।
मुंबई आतंकी हमले में सुरक्षा चूक को लेकर काफी आलोचना होने पर पाटील ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने मुंबई हमले रोकने में अपनी नाकामी स्वीकार की और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना पद छोड़ दिया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने X पर लिखा है, "शिवराज पाटिल जी के निधन से व्यथित। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्हें समाज के कल्याण में योगदान देने का गहरा जुनून था। पिछले कई वर्षों में मेरा उनसे कई बार सामना हुआ है, सबसे हालिया मुलाकात तब हुई जब वे कुछ महीने पहले मेरे घर आए थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।''
Leave Your Comment