logo

मोदी की बायोपिक में रणवीर सिंह

Ranveer Singh in Modi's biopic

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी की जिंदगी पर फिल्म बनने जा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बायोपिक को साजिद नाडियाडवाला अपने बैनर नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत प्रोड्यूस करेंगे। फिल्म की स्क्रिप्ट लिखने का काम पूर्व टीवी एग्जीक्यूटिव और प्रोड्यूसर स्नेहा रजनी कर रही हैं। यह फिल्म ललित मोदी के शुरुआती जीवन, IPL की शुरुआत, उनकी सफलता और बाद में जुड़े विवादों पर आधारित होगी। कुछ समय पहले रणवीर सिंह ने ललित का रोल निभाने में दिलचस्पी दिखाई थी। एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में ललित मोदी ने भी पुष्टि की थी कि रणवीर उनका रोल निभाना चाहते हैं। ललित करीब 16 साल से लंदन में रह रहे हैं। मेकर्स इस बायोपिक में ललित मोदी की सिर्फ हेडलाइंस और विवादों पर ध्यान देने के बजाय उनके निजी जीवन और करियर के अलग-अलग पहलुओं को दिखाना चाहते हैं। फिल्म की राइटिंग और डेवलपमेंट का काम अभी जारी है। उसी इंटरव्यू में उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि कुछ साल पहले एक्टर रणवीर सिंह उनसे मिलने लंदन पहुंचे थे और उन्होंने बायोपिक में ललित मोदी का किरदार निभाने की इच्छा जताई थी। हालांकि, स्टार कास्ट और डायरेक्टर को लेकर अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

महाराजा की बनेगी हॉलीवुड रीमेक

साल 2024 की सबसे चर्चित और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली तमिल सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'महाराजा' अब सात समंदर पार हॉलीवुड में तहलका मचाने की तैयारी में है। यह पहली ऐसी तमिल फिल्म बनने जा रही है, जिसका आधिकारिक रीमेक हॉलीवुड का एक प्रमुख स्टूडियो बनाने जा रहा है।  फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर इस खबर की आधिकारिक पुष्टि करते हुए इसे तमिल सिनेमा का 'ऐतिहासिक मील का पत्थर' बताया है। जून 2024 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप स्टारर 'महाराजा' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया था।   फिल्म की सफलता का असली टर्निंग पॉइंट चीन में इसकी रिलीज साबित हुआ। चीन में इस सस्पेंस थ्रिलर ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 91 करोड़ रुपए से अधिक का बिजनेस किया। फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम के अनुसार, चीन में फिल्म की इस अप्रत्याशित सफलता के बाद ही एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय एजेंसी ने हॉलीवुड रीमेक राइट्स के लिए निर्माताओं से संपर्क किया।  पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह अफवाहें जोर पकड़ रही थीं कि 'इंटरस्टेलर' और 'डलास बायर्स क्लब' फेम ऑस्कर विजेता अभिनेता मैथ्यू मैक्कोनाघे इस रीमेक में मुख्य भूमिका निभा सकते हैं। जब निर्माता सुधन सुंदरम से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, यह सच है कि हॉलीवुड रीमेक के लिए किसी 'ए-लिस्ट' स्टार को साइन किया जा रहा है और प्रोजेक्ट पर काम अगले साल शुरू होगा।

रश्मिका बनेंगी सुब्बुलक्ष्मी

लीजेंड्री गायिका MS सुब्बुलक्ष्मी पर बायोपिक बनेगी। रश्मिका मंदाना फिल्म में उनका किरदार निभाएंगी। फिल्म का आधिकारिक लॉन्च 16 सितंबर 2026 को उनकी 110वीं जयंती पर चेन्नई के द म्यूजिक एकेडमी में किया गया। गौतम तिन्ननुरी फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं, जो पहले ‘जर्सी’ और ‘किंगडम’ जैसी हिट फिल्में बना चुके हैं। रश्मिका से पहले साई पल्लवी का नाम इस बायोपिक के लिए सामने आया था। रश्मिका पहली बार ऐसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक शख्सियत का किरदार निभाएंगी, जिसकी पहचान मुख्य रूप से कर्नाटक शास्त्रीय संगीत से जुड़ी है।  एस.एस.सुब्बूलक्ष्मी कर्नाटक की महान गायिका थीं, जिनके गाए हुए भजन विष्णु सहास्त्रनामम को यूट्यूब पर 10 करोड़ बार सुना जा चुका है। वहीं भजन गोविंदम को 17 मिलियन और श्री वेंकटेश्वरा सुप्रभातम को 47 मिलियन बार सुना गया है।  पद्मश्री से लेकर भारत रत्न तक, ऐसा कोई नामी अवॉर्ड नहीं जो इनके नाम ना हो। आवाज में वो आकर्षण था कि महात्मा गांधी और पं. जवाहरलाल नेहरू भी इनके प्रशंसकों में से एक रहे। महात्मा गांधी खास फरमाइश पर इनसे रघुपति राघव राजा राम सुनते थे। नीली साड़ी इन पर इतनी जंचती थी कि इनके नाम पर ही उस रंग का नाम एमएस ब्लू रख दिया गया।

अक्षरा पहुंची बाढ़ पीड़ितों के बीच

भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह इन दिनों बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने को लेकर चर्चा में हैं।  बिहार में बाढ़ का असर लगातार कई इलाकों में देखने को मिल रहा है और ऐसे में अक्षरा सिंह ने प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर हालात को करीब से देखा और राहत सामग्री बांटी।  अक्षरा ने अपने दौरे के दौरान खास तौर पर महिलाओं की परेशानियों का जिक्र किया और कहा कि एक महिला होने के नाते महिलाओं के लिए जो भी मदद उन्हें जरूरी लगी, उन्होंने अपनी तरफ से करने की कोशिश की। अक्षरा सिंह ने अपने हालिया दौरे के बारे में कहा, ‘महिलाओं को बाढ़ के दौरान बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।  मैं खुद प्रभावित इलाके में गई थी और वहां के हालात को अपनी आंखों से देखा। बिहार में इस समय बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।  राज्य के कई जिलों में गंगा, गंडक, कोसी और दूसरी नदियों का पानी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं और कई लोगों को अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित जगहों या राहत शिविरों में जाना पड़ा है। अक्षरा सिंह के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2010 में भोजपुरी फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से अभिनय की शुरुआत की थी।  उन्होंने खुद को एक्टिंग तक सीमित नहीं रखा, बल्कि गायिका के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई।  

Leave Your Comment

 

 

Top