भुबनेश्वर,28 ,फरवरी : बीजू जनता दल (बीजद) ने आगामी राज्य सभा चुनाव के लिए अपने दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने वरिष्ठ नेता संतृप्त मिश्र और प्रख्यात मूत्ररोग विशेषज्ञ दतेश्वर होता के नामों की घोषणा की।संतृप्त मिश्र, जो पहले कटक से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं, अपने साथ राजनीतिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता लेकर आए हैं। वहीं डॉ. दत्तेश्वर होता एक प्रतिष्ठित चिकित्सा विशेषज्ञ हैं, जिनका स्वास्थ्य सेवा और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है।
नवीन पटनायक ने उच्च सदन में विविध प्रतिनिधित्व के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मिश्र और होता को नामित कर बीजद ओडिशा की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करना चाहता है। पार्टी का मानना है कि राजनीतिक नेतृत्व और पेशेवर उत्कृष्टता का यह संयोजन संसद में राज्य के हितों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में सहायक होगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास ने दल की ओर से डॉक्टर होता को समर्थन करने की घोषणा की है। भक्त दास ने कहा है कि इसी सप्ताह उनकी बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक से मुलाकात हुई थी। उन्होंने पटनायक से कहा था कि अगर राज्य के किसी गैर राजनैतिक प्रतिष्ठित व्यक्ति को टिकट दिया जाए। उन्होंने कुछ व्यक्तियों के नाम भी सुझाए थे। सुझाए गए नामों में डॉक्टर होता का भी नाम था। अतः कांग्रेस उनको समर्थन देगा।
विधानसभा में विधायकों की संख्या को देखते हुए एक बीजद प्रार्थी की जीत तय है। बीजद ने संतृप्त मिश्र को अपना पहला उम्मीदवार घोषित किया है। उल्लेखनीय है कि आगामी 2 अप्रैल को राज्य के चार राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इन चार में से भाजपा दो और एक बीजद जीतने की स्थिति में है। चौथे सीट के लिए जोड़तोड़ का होना निश्चित है । भाजपा तीन सीट जीतने का दावा कर रहा है।
बीजद द्वारा प्रार्थी की घोषणा और कांग्रेस के समर्थन से राज्य में नये राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना बन गई है। बीजद शुरू से ही कांग्रेस विरोध की राजनीति करता आया है। अब बीजद कांग्रेस गठजोड़ ने राज्य राजनीति को रोचक मोड़ पर पहुंचा दिया है। अब सबकी नजरें भाजपा के प्रार्थी घोषणा पर लग गई हैं।
Leave Your Comment