logo

20 जुलाई को देश के 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी, जानिए पूरी खबर

Rain alert issued for 17 states across the country for July 20; read the full report.

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून पूरी तरह रफ्तार पकड़ चुका है। तेज बारिश की वजह से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने आज यानी 20 जुलाई को देश के 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 6-7 दिनों तक देश के कई हिस्सों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव, बाढ़ और पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा भी मंडरा रहा है।

दिल्ली-NCR में हुई बारिश

दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है। दिल्ली में रविवार की रात पिछले 5 सालों में जुलाई की सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है।

यूपी और बिहार में मौसम का हाल

वहीं, उत्तर प्रदेश में 20 से 25 जुलाई के दौरान पूरे राज्य में बारिश होगी। मौसम विभाग ने 20 से 22 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है, जबकि 23 से 25 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत लगभग सभी जिलों में 20 और 21 जुलाई को व्यापक बारिश होगी। इसके बाद 21 से 24 जुलाई के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।

राजस्थान में बारिश का दौर, बंगाल में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा

राजस्थान में भी 20 से 25 जुलाई के दौरान कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 20 से 25 जुलाई और पश्चिमी राजस्थान में 21 से 24 जुलाई के बीच भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।

पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा है। जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में रेड अलर्ट, जम्म-कश्मीर में तबाही!

हिमाचल में दो दिनों का भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' है। प्रशासन ने यहां के तीन जिलें- सिरमौर, कांगड़ा और चंबा में आज सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही चंबा जिले में देखने को मिली है, जहां उफनते नालों और लैंडस्लाइड के कारण मणिमहेश यात्रा पर अगले तीन दिनों के लिए रोक लगा दी गई है।

उत्तराखंड में भी भारी बारिश का रेड अलर्ट है। देहरादून और टिहरी गढ़वाल में आज स्कूलों में छुट्टी दे दी गई है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारी तबाही हुई है। उधमपुर में भी मूसलाधार बारिश के बाद नदी-लाने उफान पर हैं। रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। उफनाए नदी-नालों के बीच ब्रिज टूट गया है और लोग अपनी जिंदगी को खतरे में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। जम्मू-कश्मीर के लगभग सभी जिलों में 20 से 23 जुलाई तक बारिश का दौर चलेगा। 20 से 22 जुलाई के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

Leave Your Comment

 

 

Top