WRITER- सात्विक उपाध्याय
वाराणसी: वाराणसी के उमरहां में 19 साल से बन रहे विश्व के विशालतम योग संस्थान यानी कि स्वर्वेद मंदिर का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। बता दें कि लगातार 600 कारीगर, 200 मजदूर व 15 इंजीनियरों की टीम ने काम किया, तब जाकर स्वर्वेद महामंदिर (Swaraveda Temple) अपने स्वरूप में सामने आया। अभी भी महामंदिर को पूरी तरह से बनकर तैयार होने में लगभग दो साल लगेंगे। सात मंजिला महामंदिर का पहला तल ही अभी साधकों और आम लोगों के लिए खोला जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे।

कब शुरु हुआ मंदिर का निर्माण कार्य-
वाराणसी शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्वर्वेद महामंदिर का निर्माण दिसंबर 2004 में शुरू हुआ था। महामंदिर के निर्माण में लगभग 100 करोड़ की लागत आई। स्वर्वेद महामंदिर 180 फीट ऊंचा है। इसकी दीवारों पर 4000 दोहे लिखे हैं। यहां देवी-देवताओं की प्रतिमा नहीं है, बल्कि पूजा की जगह ब्रह्म ज्ञान की प्राप्ति के लिए योग साधना की जाएगी। मंदिर के ग्राउंड फ्लोर पर सद्गुरु सदाफल महाराज के आध्यात्मिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी, गुफा व सत्संग हाल बनाया गया है। हालिया जानकारी के मुताबिक मंदिर के अलग-अलग तल पर योग साधना के चरण के मुताबिक साधना की जाएगी।
क्या खास है मंदिर में-
प्रथम तल पर स्वर्वेद प्रथम मंडल के दोहे, बाहरी दीवारों पर 28 प्रसंग, जो वेद, उपनिषद, गीता, महाभारत, रामायण की थीम लेकर बनाए गए हैं। प्रथम तल से पांचवें तल तक की आंतरिक दीवारों पर स्वर्वेद के दोहे व बाहरी दीवारों पर उपनिषद, गीता, रामायण के मार्मिक प्रसंग दर्शाए गए हैं। आधुनिक तकनीकी से लैस दो आडिटोरियम हैं। मंदिर के चारों तरफ परिक्रमा पथ व फौव्वारे लगाए गए हैं। मंदिर के अंदर गुफा का निर्माम भी किया गया है जो कि योग साधना के ऑडिटोरिम से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है। मंदिर के के शीर्ष पर एक विशाल कमल पुष्प का निर्माण भी किया गया है। स्वर्वेद महामंदिर योगी सद्गुरु महर्षि सदाफलदेव की अमूल्य कृति है। स्वर्वेद का अर्थ है आत्मा के जरिये ज्ञान की प्राप्ति।
पीएम मोदी आज करेंगे स्वर्वेद मंदिर का करेंगे लोकार्पण-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दौरे के दूसरे दिन सोमवार को उमरहा के स्वर्वेद मंदिर में रहेंगे। यहां पीएम मोदी मंदिर के प्रथम व अन्य तल का लोकार्पण भी करेंगे। इसके अलावा पीएम बरकी में रहेंगे। इसके मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है। इसको लेकर जिले के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। कमिश्नरेट पुलिस व यातायात विभाग इसका कड़ाई से पालन कराएगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले यह जान लें कि किन-किन मार्गों पर आवागमन पर पाबंदी रहेगी।
Leave Your Comment