logo

भुवनेश्वर में छात्रा की मौत के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों ने किया भारी हंगामा, प्रशासन ने दागे आंसू गैस के गोले

People took to the streets in protest of the death of a student in Bhubaneswar and created a ruckus, the administration fired tear gas shells

नई दिल्ली:  ओडिशा विधानसभा के बाहर बुधवार,16 जुलाई को सुबह भारी हंगामा देखने को मिला, जब आत्मदाह करने वाली छात्रा की मौत के विरोध में प्रदर्शन तेज हो गए। बालासोर में छात्रा ने यौन उत्पीड़न के आरोपी एक प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली थी। इस घटना को लेकर विपक्षी बीजद ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और बालासोर जिले में आठ घंटे के बंद का भी आह्वान किया है। वे न्याय सुनिश्चित करने के लिए घटना की न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक विरोध स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान पुलिस द्वारा लगाई बैरिकेड को तोड़ने की भी कोशिश की। जिसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़नी पड़ीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राज्य पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे और प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें जारी रखीं।

कांग्रेस के नेतृत्व में आठ विपक्षी दलों ने यौन उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद खुद को आग लगाने वाली कॉलेज छात्रा की मौत के विरोध में 17 जुलाई को ओडिशा बंद का आह्वान किया है।

हिरासत में कई बीजद कार्यकर्ता

ओडिशा पुलिस ने बीजद के कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया है, जिनमें उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा और अन्य पार्टी कार्यकर्ता शामिल हैं, जो बालासोर की छात्रा की आत्मदाह से हुई मौत को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। बीजेपी भी बालासोर की छात्रा की आत्मदाह से हुई मौत के विरोध में बालासोर बंद का आह्वान कर रही है।

लोक सेवा भवन में सुरक्षा व्यवस्था

इस बीच, पुलिस ने बताया कि लोक सेवा भवन के आस-पास स्थित राजीव भवन और खारवेल भवन सहित शहर के अन्य सरकारी भवनों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए लोकसभा भवन के पास मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों को उनकी पहचान की पूरी जांच के बाद लोक सेवा भवन में प्रवेश दिया गया।

उन्होंने बताया कि केवल गेट नंबर- 1 से ही प्रवेश दिया जा रहा है और बाकी सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगंतुकों का प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। हालांकि, पहले से अपॉइंटमेंट लेने वाले लोगों को संबंधित विभागों की सिफारिश पर प्रवेश पास जारी किए जा रहे हैं।

Leave Your Comment

 

 

Top