logo

राजस्थान में अब नहीं बनेगी कांग्रेस की सरकार, घोटाला करने वाले चुन-चुन कर होंगे साफ: पीएम मोदी

Now Congress government will not be formed in Rajasthan, scammers will be selectively cleaned: PM Modi

WRITER- सात्विक उपाध्याय

नई दिल्ली: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दौर में पीएम मोदी आज यानी कि 22 नवंबर को  डूंगरपुर में रैली को संबोधित कर रहे हैं।  जहां पीएम मोदी ने रैली में कहा कि अब राजस्थान में कांग्रेस कभी सत्ता में नहीं आएगी। राजस्थान में गहलोत की सरकार नहीं आएगी, घोटाला करने वाले चुन चुन कर साफ होंगे। लाल डायरी में कांग्रेस के काले सच है। राजस्थान में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे में राजस्थान कांग्रेस की सूपड़ा साफ होना तय है। इस बार राजस्थान में बीजेपी की ही सरकार बनेगी। 

आगे अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है- गहलोत जी, कोनी मिले वोट जी। कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में हर सरकारी भर्ती में घोटाला किया है। कांग्रेस के नेताओं और उनके करीबियों के बीच ऐसा कारोबार है कि उनके बच्चे तो अफसर बन गए और आपके बच्चे चुन-चुन करके बाहर कर दिए गए। इसलिए ऐसे लोगों को राजस्थान की धरती से चुन-चुनकर साफ करना है। 

रैली में पीएम मोदी ने कहा कि  काले कारनामों की लाल डायरी के जो पन्ने खुल रहे हैं, उसमें कांग्रेस सरकार की काली सच्चाई है। लोकतंत्र ने आपको कुशासन वाली इस कांग्रेस सरकार को बदलने का मौका दिया है, इस मौके को जाने नहीं देना है। आज मैं मावजी महाराज जी का आशीर्वाद लेते हुए एक भविष्यवाणी करने की हिम्मत कर रहा हूं। इस पवित्र धरती की ताकत है कि मेरे मन में ये विचार आया है और मैं मावजी महाराज से क्षमा मांगकर ये हिम्मत कर रहा हूं। अब राजस्थान में कभी भी अशोक गहलोत की सरकार नहीं बनेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को दंगों में अग्रणी बना दिया, कांग्रेस ने राजस्थान को पेपर लीक में अग्रणी बना दिया, कांग्रेस ने राजस्थान को तुष्टिकरण में अग्रणी बना दिया। ये है कांग्रेस का चेहरा, चरित्र और कारनामे... और हम भाजपा के लोग कीचड़ में भी कमल खिलाने वाले लोग हैं। भाजपा राजस्थान को विकास में अग्रणी बनाएगी।

पीएम मोदी ने रैली के दौरान अपने संबोधन में यह भी कहा कि जिस धरती को सटीक भविष्यवाणी के लिए मावजी महाराज का आशीर्वाद मिला है, वहां ये साफ-साफ दिख रहा है- भाजपा आ रही है। ये वो मिट्टी है जिसने ऐसे वीर पैदा किए हैं, जिन वीरों ने महाराणा प्रताप की कीर्ति बढ़ाने में अपने खून-पसीने का योगदान दिया था। मैं कालीबाई के बलिदान को, मानगढ़ धाम में बलिदान देने वाले गोविंद गुरू की अनुयायियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।

इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि मोदी की गारंटी कांग्रेस के हर झूठे वादों पर भारी है। जहां कांग्रेस से उम्मीद खत्म होती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है। कांग्रेस ने दशकों के अपने शासन काल में जो सोचा तक नहीं, वो बीते 10 साल में आपके सेवक ने देशवासियों के चरणों में समर्पित कर दिया। किसी ने कल्पना नहीं की थी कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलेगा। 

Leave Your Comment

 

 

Top