logo

नीतू कुमारी महतो झारखंड की दूसरी अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी अंपायर बनीं

Nitu Kumari Mahato became Jharkhand's second international female hockey umpire.

REPORTED BY- सतीश शर्मा


रांची: झारखंड ने हॉकी के मैदान पर एक और गौरवशाली उपलब्धि हासिल की है। रांची जिले के हरदाग की रहने वाली नीतू कुमारी महतो अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर के रूप में क्वालीफाई कर झारखंड की दूसरी महिला अंतर्राष्ट्रीय अंपायर बन गई हैं। नीतू कुमारी महतो  जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक आयोजित हो रहे  अंडर 18 एशिया कप 2026 में अंपायर की भूमिका में नजर आएंगी। 

नीतू कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनके घर में हॉकी विरासत की तरह है। उनकी माता दुलारी टोपनो खुद राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रही हैं और वर्तमान में हुलंडू में कोच हैं। नीतू की प्राथमिक हॉकी कोच भी उनकी माता दुलारी टोपनो ही थीं।  चार बहनों और एक भाई के परिवार में नीतू समेत चार सदस्य हॉकी खिलाड़ी हैं। दो बहनें कंचन कुमारी और रानी कुमारी तथा छोटा भाई विजय महतो भी हॉकी खेलते हैं। 

झारखंड हॉकी के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने कहा, “झारखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरमार है, लेकिन सभी को भारतीय टीम में जगह देना संभव नहीं। इसलिए हॉकी झारखंड खिलाड़ियों कोचिंग और ऑफिशिएटिंग लाइन से भी जोड़ रहा है। नीतू ने मेहनत के बल पर अंपायरिंग में अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर अन्य खिलाड़ियों के लिए रास्ता खोला है।”

महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा, “नीतू बचपन से ही बेहतरीन खिलाड़ी रही हैं। मैदान में भी शानदार रहीं और अब अंपायरिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यही मेहनत उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मंच तक ले गई है। अन्य खिलाड़ी भी उनसे प्रेरणा लें।” उनके अलावा उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ,हॉकी रांची के अध्यक्ष माइकल लाल, हॉकी रांची के सचिव सह तकनीकी पदाधिकारी जयंत केरकेट्टा ने भी नीतू कुमारी महतो को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय है कि नीतू से पहले झारखंड की पहली महिला अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर आश्रिता लकड़ा थीं, जो वर्तमान में हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष हैं। वे कई अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में अंपायरिंग कर चुकी हैं और वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी भी हैं।  

 

Leave Your Comment

 

 

Top