नई दिल्ली: गुरुवार, 20 नवंबर को 10वीं बार नीतीश कुमार ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने 10वीं बार सीएम बनने का महारिकॉर्ड भी कायम किया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बता दें कि 74 वर्षीय नीतीश कुमार पहली बार साल 2000 में मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि उस समय उनकी सरकार सिर्फ 7 दिन ही चल पाई थी। इसके बाद 2005 से 2014 तक वे लगातार मुख्यमंत्री रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया था, लेकिन कुछ महीनों बाद फिर सत्ता में वापसी की। नीतीश ने इससे पहले आखिरी बार जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जब उन्होंने और उनकी पार्टी ने NDA में वापसी की थी।
कब-कब नीतीश कुमार बने सीएम -
नीतीश कुमार मार्च, 2000 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, यह कार्यकाल सिर्फ 7 दिनों तक रहा, क्योंकि उनके पास बहुमत नहीं था। ऐसे में उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। नीतीश कुमार ने 2005 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की और दूसरी बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 2010 तक कार्यकाल संभाला। यह वह समय था, जब उन्होंने बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी जैसे चेहरों की सत्ता समाप्त की थी। नीतीश ने अपना तीसरा कार्यकाल 2010 में शुरू किया। वहीं, 2015 में चौथा कार्यकाल, 2015 में ही पांचवा कार्यकाल और 2017 से छठा कार्यकाल पूरा किया। भारत में जब कोविड की दस्तक हुई, तो उन्होंने उस समय यानि कि 2020 में 7वां कार्यकाल शुरू किया, जबकि 2022 में 8वां कार्यकाल और 2024 में अपना नौवां कार्यकाल शुरु किया।

नीतीश कुमार के 10वीं बार सीएम बनने पर उनके बेटे निशांत कुमार ने कहा, 'मैं अपने पिता को 10वीं बार CM पद की शपथ लेने के लिए बधाई देता हूं। जनता ने हमें उम्मीद से ज्यादा दिया। मैं जनता को धन्यवाद देता हूं और बधाई भी देता हूं।' शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के भजनलाल शर्मा और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस भी शपथ स्थल पर मौजूद थे।
Leave Your Comment