logo

दिल्ली में पारा 36 के पार, मौसम विभाग ने देश के14 राज्यों में बारिश का अलर्ट किया जारी

Mercury crosses 36 in Delhi, Meteorological Department issues rain alert in 14 states of the country

नई दिल्ली: मार्च महिने की शुरुआत से ही विकराल गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। देश के कई राज्यों में पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। तो वहीं राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक दिल्ली में मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है, जबकि दिन में गर्मी बढ़ेगी। 

वहीं अन्य राज्यों की बात करें तो राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पारा 35 डिग्री के पास रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका जताई है। कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 

देश के 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक अगले सप्ताह देश के 14 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इनमें प्रमुख रुप से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। कई जगहों पर बिजली कड़कने के साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च को उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। इसके बजाय कई जिलों में तापमान बढ़ने से गर्मी तेज हो सकती है। मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, मुरादाबाद, अमरोहा, गोरखपुर, देवरिया, वाराणसी, प्रयागराज, बस्ती और फतेहपुर जैसे जिलों में तापमान बढ़ने के आसार हैं।  

उत्तराखंड में 15 मार्च तक बारिश के आसार

उत्तराखंड में 11 मार्च से मौसम बदलने की संभावना है। 15 मार्च तक कई जिलों में बारिश और तेज हवा चल सकती है। कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। नैनीताल, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में बारिश की संभावना जताई गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Leave Your Comment

 

 

Top