logo

गुजरात में सीएम भूपेंद्रभाई पटेल आज अपने नए मंत्रिमंडल का करेंगे गठन, जानिेए पूरी अपडेट

In Gujarat, CM Bhupendrabhai Patel will form his new cabinet today, know the complete update

नई दिल्ली: गुरुवार, 16 अक्टूबर को गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी नेताओं ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नए मंत्रिमंडल का आज गठन होगा। सुबह साढ़े 11 बजे सभी मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। बता दें कि नए मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है जबकि कई पुराने चेहरों का पत्ता कट सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक 17 विधायकों को शपथ ग्रहण के लिए फोन आया है इनमें हर्ष सांघवी, प्रफुल्ल पैंसेरिया, कुंवरजी बवालिया और कनु देसाई का नाम शामिल हैं।

कितने नए मंत्री मिल सकते हैं?

आज मंत्रिमंडल विस्तार में 5 पुराने चेहरों को फिर से मौका दिया जा सकता है। कुल 16 मंत्रियों के शपथ लेने की खबर है। हालांकि गुजरात मंत्रिमंडल में अधिकत 27 मंत्री तक हो सकते हैं लेकिन आज 16 ही शपथ लेंगे इनमें 2 डिप्टी सीएम हो सकते हैं। खबर है कि वलसाड जिले के वापी के कनुभाई देसाई को मुख्यमंत्री का फोन आया था। कनुभाई गुजरात सरकार में वित्त और ऊर्जा मंत्री थे, उनके दोबारा मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। बीजेपी अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा गुरुवार शाम गांधीनगर पहुंचे और उन्होंने सीएम पटेल तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। 

पूरा मंत्रिमंडल क्यों बदला जा रहा है?

माना जा रहा है कि सीएम से गुजरात के लोग खुश हैं लेकिन मंत्रियों की ग्राउंड रिपोर्ट ठीक नहीं है। दूसरी वजह स्थानीय निकाय के चुनाव हैं जो बहुत जल्द होने वाले हैं। इसके साथ साथ बीजेपी कुछ पुराने दिग्गजों की भी वापसी की तैयारी कर रही है। साथ ही जिन मंत्रियों को हटाया गया है, उन्हें बड़े पद दिए जाएंगे।

आपको बता दें कि गुजरात विधानसभा कुल कुल 182 सदस्यों वाली है। इनमें से कुल संख्या के 15 प्रतिशत या 27 मंत्री हो सकते हैं। इसी महीने की शुरुआत में गुजरात सरकार में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा, केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल की जगह गुजरात भाजपा के अध्यक्ष बने थे। सीएम भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर, 2022 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली थी।

PM मोदी संग हुई थी बड़ी बैठक

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात भाजपा के नेतृत्व, जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शामिल थे, उनके साथ लंबी बैठक की थी। इस बैठक में कैबिनेट विस्तार समेत संगठन की भूमिकाओं में नए चेहरों को शामिल करने पर चर्चा हुई थी। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि कार्यभार संभालने वाले सभी नए चेहरे गुजरात के लोगों से जुड़ें और अपनी भूमिका संभालने के तुरंत बाद उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दें।

Leave Your Comment

 

 

Top