नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। ऐसे में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज यानी 9 जुलाई को देश के कई राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR से लेकर महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक, मूसलाधार बारिश के चलते जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं।
महाराष्ट्र में नदियां उफान पर-
महाराष्ट्र में मॉनसून के कारण नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर इमारतें ढहने व अचानक बाढ़ की खबरें हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक राज्य में बारिश और तूफान से जुड़े हादसों में 62 लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 200 मवेशियों की मौत हुई है।
देश की राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में आज 9 जुलाई को रेड अलर्ट और कुछ इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आज सुबह 2:30 से 5:30 बजे के बीच सिर्फ 3 घंटों में 34.9 mm बारिश दर्ज की गई।
वहीं, असम के कई हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है। धुबरी, कोकराझार और लखीमपुर समेत कई जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
Leave Your Comment