logo

तैयार हो जाइये! जल्द पटरी पर दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जानिए क्या है अपडेट

Get ready! The Vande Bharat sleeper train will soon be on the tracks, find out the latest updates.

नई दिल्ली: देश के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। भारतीय रेलवे एक नए युग में कदम रखने वाले हैं।  तेजस जैसी स्पीड, राजधानी जैसा आराम और वंदे भारत का अत्याधुनिक तकनीकी अनुभव ये सब अब एक ही ट्रेन में देश के सभी लोगों को मिलने वाला है। अब सफर और भी मजेदार और आरामदायक होगा।  लंबे सफर में रातभर की थकान को दूर करने के लिए जल्द ही भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिसंबर के अंत तक पटना से दिल्ली के बीच पटरी पर दौड़ने को पूरी तरह तैयार है।  रेलवे इस ऐतिहासिक लॉन्च को लेकर अंतिम चरण में काम कर रहा है और यात्री भी बेसब्री से इस दिन का इंतजार कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही यानी कि 28 अक्टूबर को रेल मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से 16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मंजूरी दी। यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलेगी, लेकिन 180 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार पर सफल परीक्षण किया गया है। पिछले महीने मुंबई-अहमदाबाद रूट पर इसका 130 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रायल किया गया। इस ट्रायल का मकसद ट्रेन की स्थिरता, आराम और सस्पेंशन की गुणवत्ता का परीक्षण करना था। इस रेक में 11 AC थ्री-टियर, चार AC टू-टियर और एक फर्स्ट AC कोच शामिल है।

क्या है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की खास बातें - 

हालिया  खबर के अनुसार, बेंगलुरु स्थित बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) फैक्ट्री में तैयार हो रही वंदे भारत स्लीपर के दो रैक में से एक रैक की फिनिशिंग पूरी हो चुकी है। पहला रैक 12 दिसंबर को उत्तर रेलवे के लिए रवाना होगा, जिसके बाद दिल्ली-पटना रूट पर इसका ट्रायल रन किया जाएगा। इस हाई-टेक ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 827 बर्थ होंगी। थर्ड एसी में 611, सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 बर्थ। बता दें कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया है। इसमें ऑटोमेटिक दरवाजे, बायो-टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरे, पर्सनल रीडिंग लाइट्स और प्रीमियम क्वालिटी वाला आरामदायक इंटीरियर शामिल है। ट्रेन 160 किमी/घंटा की अधिकतम गति से दौड़ने के लिए डिजाइन की गई है। साथ ही इसमें कवच सिस्टम, क्रैश-प्रूफ डिजाइन जैसी उन्नत सुरक्षा तकनीकें भी लगाई गई हैं। जरूरत पड़ने पर कोचों की संख्या बढ़ाकर 24 तक की जा सकती है।

 कहां से चलेगी ट्रेन-

जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत स्लीपर का परिचालन नई दिल्ली-राजेंद्रनगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस की तर्ज पर किया जाएगा। इसे हफ्ते में छह दिन चलाने की प्लानिंग है। पटना से यह ट्रेन शाम के समय राजेंद्र नगर टर्मिनल से खुलेगी और अगली सुबह दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में इसका समय भी तेजस राजधानी की ही तरह रहेगा।  दानापुर मंडल ने भी पुष्टि की है कि इस महीने के अंत तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का नियमित संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू होते ही पटना-दिल्ली रूट के यात्रियों के लिए सफर का एक्सपीरिएंस बिल्कुल बदल जाएगा।

Leave Your Comment

 

 

Top