नई दिल्ली: बीते कुछ दिनों से लगातार देश के अलग-अलग हिस्सों में सामान्य से लेकर भारी बारिश देखने को मिली है। बता दें कि उत्तर भारत और दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त है। ऐसे में गुरुवार, 24 जुलाई को मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, देश की राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि बीते दिन ही हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 54,707 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान (205.33 मीटर) के करीब पहुंच गया है। बुधवार शाम 4 बजे यमुना का जलस्तर 204.13 मीटर दर्ज किया गया था। हालांकि, शाम 7 बजे से जलस्तर में थोड़ी कमी देखी गई, लेकिन पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लोहे वाले पुल के पास पानी चेतावनी रेखा के करीब पहुंच गया है।
Yamuna (Delhi Railway Bridge) Water Level reached 207.25 mtrs at 8:00am
— Weatherman Shubham (@shubhamtorres09) July 12, 2023
Not far from its Highest Flood Level pic.twitter.com/ikOkGMgrl3
हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज में पानी का स्तर लगातार बढ़ा हुआ है, जिसके चलते वहां से लगातार पानी दिल्ली की तरफ छोड़ा जा रहा है। मंगलवार को 31,569 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जो बुधवार को दिल्ली पहुंचा। इसके बाद बुधवार को ही 54,707 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है, जिसके अगले कुछ घंटों में दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। इस अतिरिक्त पानी के कारण यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यमुना के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क और सावधान रहने की अपील की गई है। अगर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करता है तो हाथी घाट, एमनेस्टी मार्केट, मजनूं का टीला, यमुना विहार, सोनिया विहार और यमुना खादर जैसे निचले इलाकों में पानी भरने का सबसे ज्यादा खतरा है।
दिल्ली के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी मानसून की तेज बारिश से बुरा हाल है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Leave Your Comment