नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से हवा का मिजाज बदलने लगा है। आमतौर पर सर्दियों में पराली जलाए जाने और दीपावली के बाद दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की जाती थी पर इस बार दिल्ली में दशहरे पर ही प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। राष्ट्रीय राजधानी के ज्यादा इलाकों में बुधवार को प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया। पूसा और चांदनी चौक समेत कुछ जगहों पर प्रदूषण का स्तर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 या उससे अधिक दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजकर पांच मिनट पर पूसा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स 318 दर्ज किया गया। जबकि चांदनी चौक में एयर क्वालिटी इंडेक्स 302 दर्ज किया गया। जोकि बहुत बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, आर के पुरम में AQI 300 दर्ज किया गया।
दिल्ली में किस जगह पर कितना प्रदूषण का स्तर (सुबह 8.05 मिनट का आंकड़ा)
इस वजह से बढ़ा प्रदूषण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच हवा की गुणवत्ता खराब हुई। यह गिरावट मंगलवार शाम को हुए दशहरा समारोह के बाद आई, जब शहर के कई हिस्सों में पुतले जलाए गए और पटाखे फोड़े गए। यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब NASA के उपग्रह ने 20 अक्टूबर तक के तीन दिनों में पंजाब और हरियाणा में खेतों में आग लगने की 182 घटनाएं दर्ज कीं। 1 अक्टूबर से अब तक कुल 397 घटनाएं सामने आई हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 523 था।
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से कम है। वहीं, वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी रही और सुबह नौ बजे ओवर ऑल वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 233 दर्ज किया गया।
Leave Your Comment