नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। रविवार को प्रदूषण में थोड़ी राहत के बाद दिल्ली की एयर क्वालिटी सोमवार को एक बार फिर "बेहद खराब" श्रेणी में पहुंच गई है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को AQI 269 दर्ज किया गया था, लेकिन स्थिति तेजी से बिगड़ती गई। सोमवार को सुबह शहर में जहरीली धुंध छा गई और AQI 300 के पार पहुंच गया है।
कई इलाकों में AQI 300 पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 325 दर्ज किया गया, जबकि आईटीओ में भी यह स्तर 325 रहा, जो "बेहद खराब" वायु गुणवत्ता दर्शाता है। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 267 दर्ज की गई, जो थोड़ी बेहतर रही। हालांकि यह भी "खराब" श्रेणी में आता है। सीपीसीबी मानकों के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में हल्की ठंड शुरू हो गई है। इस साल नवंबर में भी रात और सुबह के समय ठंड पड़ने लगी है। हालांकि दिन भर आसमान साफ रहने की वजह से धूप देखने को मिल रही है। धूप की वजह से दिन में लोगों को ठंड का सामना नहीं करना पड़ रहा है। दिल्ली में आज रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि दिन का तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, जिससे लोगों को दिन में राहत मिलेगी।
Leave Your Comment