logo

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा बढ़ी, सुरक्षा में 22 CRPF कमांडो रहेंगे तैनात

Delhi CM Rekha Gupta's security increased, 22 CRPF commandos will be deployed for her security

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि  बुधवार (20 अगस्त) को जनसुनवाई के दौरान रेखा गुपात पर हमला हुआ था। इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहले दिल्ली पुलिस उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती थी। अब दिल्ली पुलिस सिर्फ बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी। सीएम की सुरक्षा का जिम्मा सीआरपीएफ के ऊपर रहेगा। सीआरपीएफ के चार जवान उनके आसपास मौजूद रहेंगे, जिन्हें खासतौर पर वीआईपी सुरक्षा के लिए तैयार किया जाता है।

सीआरपीएफ की वीआईपी ब्रांच ही गृहमंत्री अमित शाह, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य वीआईपी नेताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है। अब दिल्ली सीएम की सुरक्षा में 22 कमांडो तैनात रहेंगे। वहीं, उनके घर के बाहर भी दो कमांडो हथियार के साथ 24 घंटे तैनात रहेंगे, जिनकी शिफ्ट बदलती रहेगी। इसके अलावा रेखा गुप्ता के काफिले में अब हाईटेक गाड़ियां रहेंगी। दिल्ली सीएम तक पहुंचने वाले लोगों की तलाशी पहले दिल्ली पुलिस फिर सीआरपीएफ के जवान लेंगे। इससे सुरक्षा बढ़ेगी।

सीएम के आवास में सुरक्षा की खामियां

दिल्ली सीएम के आवास की बनावट के कारण सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों को परेशानी हो रही है। हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली सीएम का आधिकारिक आवास 8, राज निवास मार्ग पर है। यहां 4 बंगले हैं और चारों के आने-जाने का रास्ता एक ही है। इनमें से दो बंगले रेखा गुप्ता के पास हैं। तीसरा बंगला डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट और चौथा समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्रजीत सिंह के पास है। सभी बंगलों के आने-जाने का रास्ता एक ही होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी हो रही है। इन बंगलों की चारदीवारी भी छोटी है। इससे भी घुसपैठ का खतरा है।

क्या-क्या बदलेगा?

दिल्ली सीएम के बंगलों की सुरक्षा के लिए बनाई गई चारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाई जा सकती है। इनमें कांटेदार तारें भी लगाई जा सकती हैं। नई सुरक्षा चौकियां बनाए जाने और सर्वेंट क्वार्टर के लिए अलग रास्ता बनाए जाने का सुझाव है। सीसीटीवी कैमरे में भी कई ब्लाइंट स्पॉट मिले हैं, जिन्हें दूर किया जाएगा। इसके साथ ही जनसुनवाई का तरीका भी बदलेगा। जल्द ही केंद्र को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद ये बदलाव हो सकते हैं।

Leave Your Comment

 

 

Top