नई दिल्ली: मंगलवार, 4 नवंबर को दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने बिहार चुनाव को लेकर राहुल गांधी के साथ ही पूरे विपक्ष पर हमला बोला। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि बिहार की जनता समझ गई है कि राज्य का विकास केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेतृत्व में ही संभव है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर वर्षों तक लोगों को लूटने और गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि बिहार की जनता का भरोसा कांग्रेस के ऊपर से उठ चुका है।
रेखा गुप्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार के लोग, खासकर महिलाएं, जानती हैं कि विकास केवल NDA के शासन में ही संभव है और आरोप लगाया कि 'पंजे वाले' और 'लालटेन वाले' दलों ने हमेशा राज्य को लूटा और गुमराह किया है।
अपनी बात रखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, "बिहार की जनता, महिलाएं, हर कोई सतर्क है; वे जानते हैं कि बिहार का विकास केवल और केवल NDA के शासन में ही संभव है... ये 'पंजे वाले' और 'लालटेन वाले' हमेशा बिहार को लूटते रहे और हमेशा लोगों को संकट में छोड़ दिया, इसलिए बिहार की जनता उनकी बातों में नहीं आएगी।"
वहीं पटना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार अब राहुल गांधी की 'चालों' को समझ गया है और वह "बिहार की मछली" नहीं पकड़ पाएंगे। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के लोग जो मोजे पहनकर खेतों में जाते थे, अब मछली पकड़ने के लिए तालाब में कूद रहे हैं। मैं राहुल जी से कहना चाहती हूं कि यह बिहार की मछली है, आप इसे नहीं पकड़ पाएंगे। बिहार के हर व्यक्ति ने अब आपकी चालों को समझ लिया है।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस और RJD के नेताओं ने "वर्षों तक बिहार पर शासन किया," खुद तो अमीर बनते गए, जबकि लोग 'गरीब' ही रहे। उन्होंने कहा, "इन लोगों ने वर्षों तक बिहार की धरती पर शासन किया। कभी कांग्रेस, कभी RJD। ये खुद तो अमीर होते गए,लेकिन बिहार के आम लोग गरीब ही रहे... नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी के समय में बिहार ने प्रगति देखी।"
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के एक बयान के अनुसार, अगले तीन दिनों में मुख्यमंत्री बिहार में NDA उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगी। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता, सहयोगी दलों के नेता, साथ ही पार्टी के उम्मीदवार और कार्यकर्ता भी होंगे। जनसभाओं के अलावा, मुख्यमंत्री रोड शो में भी हिस्सा लेंगी।
बिहार की 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को होने वाला है, जबकि वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
Leave Your Comment