दीपिका पादुकोण के फैंस यह सुनकर जरूर निराश हो जाएंगे कि उन्होंने हॉलीवुड हिट द इंटर्न के मोस्ट अवेटेड हिंदी रीमेक से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार वे इसमें लीड एक्ट्रेस का किरदार नहीं निभाएंगी। दीपिका अब इस फिल्म में लीड एक्ट्रेस नहीं हैं, लेकिन एक निर्माता के रूप में इसका हिस्सा बनी रहेंगी। उम्मीद थी कि वह फिल्म में ऐनी हैथवे द्वारा निभाए किरदार को पर्दे पर उतारेंगी जो अपनी कंपनी में एक रिटायर्ड व्यक्ति (रॉबर्ट डी नीरो के किरदार) को इंटर्न के रूप में चुनती हैं। दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर 2020 में अपने निधन से पहले डी नीरो की भूमिका निभाने वाले थे। बाद में, अमिताभ बच्चन इस भूमिका के लिए सहमत हुए। इस बार दीपिका फिल्म में एक्टिंग से हटकर पूरी तरह से निर्माता की भूमिका निभाएंगी और इस रीबूट की क्रिएटीव प्रोसेस को देखेंगी। एक नई एक्ट्रेस को इस लीड कैरेक्टर के लिए अप्रोच किया जा रहा है जिसे पहले दीपिका निभाने वाली थी। दीपिका की पिछली फिल्में फाइटर, सिंघम अगेन और कल्कि 2898 ई. थीं, ये सभी 2024 में हुई थी। उनकी अगली फिल्मों में शाहरुख खान के साथ किंग और कल्कि 2898 ई. का सीक्वल शामिल है। इस बीच उन्होंने संदीप रेड्डी वांगा की स्पिरिट छोड़ी जिसमें उनके साथ प्रभास नजर आने वाले थे।
नरसिम्हा का रौद्र रूप

पौराणिक कथा पर आधारित एनिमेटेड फिल्म महावतार नरसिम्हा रिलीज के दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है और हर दिन नए रिकॉर्ड्स अपने नाम कर रही है। अब 17वें दिन के कलेक्शन के साथ फिल्म ने एक महा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। फिल्म ने हॉलीवुड की एनिमेटेड फिल्म द लायन किंग को पछाड़कर भारत में सबसे ज्यादा कमाने वाली एनिमेटेड फिल्म का तमगा हासिल कर लिया है। सैकनिल्क के मुताबिक, अश्विन कुमार की फिल्म ने 17वें दिन बॉक्स ऑफिस पर अब तक 19.24 करोड़ की कमाई कर डाली है और इसी के साथ इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 165.14 करोड़ रुपये हो गया है। इसके पहले एक द लायन किंग ही थी जिसका भारत में लाइफ टाइम कलेक्शन 158 करोड़ रुपये के आसपास था और यह भारत में सबसे कमाऊ एनिमेटेड फिल्म बनी हुई थी। लेकिन अब ये रिकॉर्ड महावतार नरसिम्हा ने अपने नाम कर लिया है। वर्ल्डवाइड की बात करें तो फिल्म ने 182 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। महावतार नरसिम्हा 25 जुलाई को थिएटर्स में रिलीज हुई थी और अब तक दर्शक इस फिल्म को देखने के लिए उमड़ रहे हैं। इसके सामने सैयारा, सन ऑफ सरदार 2 और धड़क 2 जैसी फिल्में होते हुए भी यह दर्शकों को थिएटर में खींचने तक कामयाब हुई है। फिलहाल फिल्म के पास कुछ दिन का टाइम और है क्योंकि 14 अगस्त को कुली और वॉर 2 जैसी बड़ी फिल्में रिलीज होने जा रही है जिसके बाद इसकी कमाई पर कुछ असर पड़ सकता है। तब तक महावतार नरसिम्हा कुछ और रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है।
भूमि बेचेगी पानी

बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर अब सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी उतर चुकी हैं। अपनी बहन समीक्षा पेडनेकर के साथ मिलकर भूमि ने लॉन्च किया है 'Backbay'। बातचीत में भूमि ने बताया कि Backbay का पहला प्रोडक्ट है Backbay Aqua- नैचुरल मिनरल वाटर, जो हिमालय की गोद से सीधे आता है। इसमें प्राकृतिक तौर पर मैग्नीशियम, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे मिनरल्स मौजूद हैं। भूमि ने बताया कि उनके इस पानी की बोतल की सबसे खास बात है इसकी पैकेजिंग। जिसमें ना प्लास्टिक का इस्तेमाल हुआ है और ना ही कांच का, बल्कि गैबल टॉप पेपर पैकेजिंग में यह पानी मिलता है। यहां तक कि इसकी कैप भी बायो-बेस्ड है।
वर्तमान में उनका ब्रांड दो साइज- 500ML और 750ML में आता है। कीमत के मामले में भी इसे खास तरीके से पोजिशन किया गया है। भूमि ने बताया कि उन्होंने इसे महंगी प्लास्टिक बोतलों और सस्ती ग्लास बोतलों के बीच रखा है। जहां बाजार में प्रीमियम प्लास्टिक बोतलें करीब 90 रुपये तक और ग्लास बोतलें 600 रुपये तक बिकती हैं, वहीं उनके ब्रांड में 500 एमएल पानी की कीमत 150 रुपये और 750 एमएल की कीमत 200 रुपये है। भूमि और समीक्षा Backbay में सिर्फ मिनरल वाटर ही नहीं, बल्कि स्पार्कलिंग वाटर भी लाने वाली हैं, वो भी तीन फ्लेवर में- लीची, पीच और लाइम।
भले ही भूमि बिजनेस में नई शुरुआत कर रही हों, लेकिन सिनेमा में उनकी हालत कुछ खास नहीं है। पिछले काफी समय से वह लगातार फ्लॉप फिल्में दे रही हैं। उनकी हालिया वेब सीरीज 'द रॉयल्स' को भी दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया, बल्कि ट्रोल कर दिया।
सैयारा की जोड़ी

अ हान पांडे और अनीत पड्डा अपनी पहली फिल्म 'सैयारा' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। इस रोमांटिक ड्रामा ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और इसे हर तरफ से प्यार मिल रहा है। हाल ही में इस बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए एक सक्सेस पार्टी का आयोजन भी किया गया था। इस पार्टी से दोनों का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अहान पांडे बड़े ही प्यार से अनीत के माथे पर किस करते नजर आ रहे हैं। फैंस ये मोमेंट देखकर काफी ज्यादा एक्साइटेड हो गए। इस वीडियो को अहान पांडे के एक फैन पेज ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। यह अंदाज़ उनके ऑफ-स्क्रीन रिश्ते और दोस्ती को दर्शाता है। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित, 'सैयारा' ने दुनिया भर के दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी है। फिल्म का भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 300 करोड़ रुपये को पार कर गया है, जबकि वैश्विक कुल कमाई अब 500 करोड़ रुपये से ऊपर है। अहान और अनीत के अलावा, इस फिल्म में आलम खान, सिड मक्कड़, शान ग्रोवर, राजेश कुमार और वरुण बडोला जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
Leave Your Comment