logo

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन आज, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई

Congress leader Rahul Gandhi's birthday is today, many leaders including PM Modi wished him on his birthday

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आज यानी कि 19 जून को जन्मदिन है। वह आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक्स पोस्ट करके बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा कि , ''लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।''

राहुल गांधी की खास बातें-

बता  दें कि राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं। राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। राहुल ने अपनी शिक्षा भारत और विदेश दोनों जगह प्राप्त की है। उन्होंने फ्लोरिडा के रोलिन्स कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से एम. फिल. की डिग्री हासिल की है। अपनी पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय लंदन में एक कंसल्टिंग फर्म, मॉनिटर ग्रुप के साथ काम किया और बाद में भारत आकर मुंबई में एक प्रौद्योगिकी आउटसोर्सिंग कंपनी, बैकॉप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना में मदद की।

राहुल गांधी का सियासी करियर

राहुल गांधी ने 2004 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की, जब उन्होंने अपने पिता की पारंपरिक सीट उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीते। इसके बाद वह 2009 और 2014 में भी अमेठी से सांसद चुने गए। 2007 में उन्हें कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया गया। 2013 में वह कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। 2017 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाला, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया।

2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से स्मृति ईरानी से हार गए, लेकिन उन्होंने केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा था और वहां से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट और केरल की वायनाड सीट दोनों से जीत हासिल की। उन्होंने रायबरेली सीट को बरकरार रखने का फैसला किया। वायनाड सीट से उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सांसद हैं।

खरगे समेत कई नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गुरुवार को उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि वह शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों तथा पिछड़ों के लिए सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले एक ऐसे नेता हैं जिनकी आज देश को जरूरत है।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, ‘‘राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जो चीज आपको अलग करती है वह संविधान के मूल्यों के प्रति आपका अप्रतिम समर्पण और उन लाखों लोगों की खातिर सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय के प्रति आपका गहरा लगाव है जिनकी आवाजें अक्सर अनसुनी कर दी जाती हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपके कार्य कांग्रेस पार्टी की विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा की विचारधारा को लगातार दर्शाते हैं। आप सच्चाई को सत्ता तक पहुंचाने और वंचितों का समर्थन करने के अपने मिशन को जारी रखे हैं। मैं आपके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं।’’

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और सामान्य वर्ग के गरीबों के अधिकारों के लिए जिस हद तक लड़ रहे हैं वह सच्चा सामाजिक न्याय है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आशा करता हूं कि पूरे देश में शांति एवं प्रेम का आपका संदेश तथा संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प के साथ किए जा रहे आपके प्रयास सफल होंगे।’’ गहलोत ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि आप आगे बढ़ें और देश का नेतृत्व करें, लोकतंत्र को मजबूत करें और संविधान की रक्षा करें।"

Leave Your Comment

 

 

Top