logo

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंंड का कहर, सिंगल डिजिट में पहुंचा न्यूनतम तापमान

Cold wave wreaks havoc in several states of North India, including the capital Delhi, with minimum temperatures reaching single digits

नई दिल्ली: लगातार पारा गिरने के साथ ही राजधानी दिल्ली में ठंड का असर दिखना शुरू हो गया है। सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने की वजह से ठंड का असर कम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान अब सिंगल डिजिट तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में अभी ठंड और अधिक बढ़ने के आसार हैं। राजधानी दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में अब ठंड का असर दिखने लगा है। 

वहीं बता दें कि दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड काफी ज्यादा बढ़ गई है। यूपी के कई जिलों के तापमान में अचानक से बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। यहां दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हो रही है। हालांकि दिन होते-होते मौसम साफ हो जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन इसी तरह का मौसम रहने के आसार हैं। यूपी के अधिकतर जिलों में सुबह और शाम के समय में कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।

बिहार में बढ़ेगी ठंड

वहीं बिहार की बात करें तो यहां भी ठंड की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में ही बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। यहां के अधिकतर जिलों में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हो रही है। कई इलाकों में विजिबिलिटी 500 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो बिहार में अभी ठंड और अधिक बढ़ने वाली है। आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी।

झारखंड में शीतलहर को लेकर अलर्ट

झारखंड में भी शीतलहर को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में झारखंड के कई इलाकों में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। इसके अलावा 3 दिसंबर से शीतलहर जैसी स्थिति होने की संभावना जताई गई है। झारखंड में सोमवार को अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान गुमला में राज्य का सबसे न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि मौसम विभाग ने ठंड बढ़ने के आसार जताए हैं। 

हिमाचल में बर्फबारी के आसार

वहीं पहाड़ी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब होने को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारी बर्फबारी की वजह से लोगों को सड़कों पर फिसलन का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो बिलासपुर में 2 और 3 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा 4 और 5 दिसंबर को मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं पे हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। इलरे अलावा 5 दिसंबर को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करने की संभावना है। हिमाचल में 7 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

Leave Your Comment

 

 

Top