logo

दिल्ली समेत 10 राज्यों में ठंड का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी जानकारी

Cold wave alert issued in 10 states including Delhi, Meteorological Department gives information

नई दिल्लीः देश के उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए जानकारी के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की उम्मीद है। पूर्वोत्तर भारत के कई इलाको में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में आज भी बारिश हो सकती है। बता दें कि शनिवार की सुबह राजधानी दिल्ली तथा आस-पास के इलाकों में पारा 6 डिग्री दर्ज किया गया। 

इन राज्यों में पड़गी कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 6-7 दिसंबर को शीतलहर की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में हो रही बर्फबारी का सीधा असर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। इसकी वजह से ठंड बढ़ गई है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।

इन राज्यों में घना कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 6-10 तारीख के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की बहुत ज़्यादा संभावना है। 06-08 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश में सुबह के समय हल्का कोहरा पड़ सकता है। 

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है। लद्दाख और कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट (शून्य डिग्री सेल्सियस) से नीचे चला गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी हो सकती है।

आज कहां पर होगी बारिश

मौसम विभाग ने 6 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह व कराईकल में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। 

Leave Your Comment

 

 

Top