logo

दिल्ली में बढ़ी ठंड, गुरुवार सुबह 6.2 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

Cold increased in Delhi, minimum temperature was 6.2 degrees on Thursday morning

WRITER- सात्विक उपाध्याय

नई दिल्ली:  बृहस्पतिवार,14 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में  ठंडक बढ़ गई और धुंध भी छाई रही। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई जानकारी के मुताबिक न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम में अब तक सबसे कम तापमान है।  मौसम विभाग ने दिल्ली में ठंड को देखते हुए बताया कि  अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कई दिनों से तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 6.8 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जिसके बाद इस हफ्ते में पारा लगातार उपर-नीचे हो रहा है। 

वहीं अगर धुंध की बात कि जाए तो दिल्ली में धुंध का कारण कोहरा नहीं है। इसके पीछे का कारण लगातार बेहद खराब स्थिति में बनी रहने वाली दिल्ली की वायु की गुणवत्ता है। गुरुवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 358 रहा जो बहुत खराब की श्रेणी में आता है।  

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी कि कश्मीर में शीत लहर के प्रभाव ने ठिठुरन बढ़ा दी और श्रीनगर शहर में इस मौसम में सबसे ठंडी रात रही, जबकि घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। 
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर शहर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान शून्य से नीचे 5.3 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। अधिकारियों ने बताया कि शहर में यह इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा।  बता दें कि घाटी में तेज शीत लहर के कारण कई जलाशय जम गए हैं, और कई क्षेत्रों में जलापूर्ति करने वाले पाइप में भी पानी जम गया हैं।  मौसम कार्यालय ने कहा कि 15 दिसंबर तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहेगा लेकिन सप्ताहांत में हल्की बारिश हो सकती है।

 

Leave Your Comment

 

 

Top