logo

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में निकाली तिरंगा यात्रा, कहा- 'तिरंगा' भारत के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक

CM Yogi Adityanath took out Tiranga Yatra in Lucknow, said- 'Tricolor' is a symbol of India's valor and valor

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता के बाद अब देश के अलग-अलग राज्यों में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में बुधवार 14 मई को  सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बता दें कि यह तिरंगा यात्रा सीएम आवास, पांच कालीदास मार्ग से शुरू होकर 1090 चौराहे तक जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'पूरा देश भारत की सेना के शौर्य और पराक्रम को सैल्यूट करते हुए अपने बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए हम सब प्रदेशवासियों की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी का दिल से अभिनंदन करते हैं। पहलगाम में पर्यटकों की इस प्रकार की विभत्स और बर्बर घटना को पाकिस्तान परस्त आतंकवादियों ने अंजाम दिया था। पूरा देश और पूरी दुनिया ने उसकी निंदा की। आतंकवाद का प्रोडक्ट पाकिस्तान और उसके आका इस पूरी घटना में मौन बने रहे।'

आतंकवाद पर सीएम योगी का प्रहार

सीएम योगी ने कहा, 'भारत की आन, बान, शान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने जब ये सारे के सारे प्रमाण देने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो अंतत: ऑपरेशन सिंदूर का एक अभियान चलाया गया। आपने देखा होगा कि पहले दिन ही 100 से अधिक आतंकवादियों को मार दिया गया। पूरी दुनिया ने ये देखा है। भारत के जवानों के पराक्रम और शौर्य का लोहा भी माना है। पाकिस्तान द्वारा की गई हिमाकत का जिस मजबूती के साथ भारत के जवानों ने चाहे वो हमारी थल सेना, वायु सेना या नेवी रही हो, सभी ने मजबूती के साथ मुकाबला किया है। इसी के सम्मान में आज पूरे देश के अंदर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा तिरंगा यात्रा प्रारंभ की गई है।' 

देशभर में भाजपा निकाल रही तिरंगा यात्रा

बता दें कि तिरंगा यात्रा की शुरुआत मंगलवार को दिल्ली से की गई। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हजारों लोग हाथों में तिरंगा लिए जमा हुए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के सारे मंत्री, विधायकों के अलावा भाजपा के कई सीनियर नेता इस यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में बुजुर्ग, महिलाओं, एनसीसी कैडेट्स और छोटे बच्चों ने भी हिस्सा लिया। वहीं हरियाणा के पंचकूला में भी पूरे जोश के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। सीएम नायब सिंह सैनी ने तिरंगा यात्रा को लीड किया। अहमदाबाद की सड़कों पर भी देशभक्ति की गूंज सुनाई दी और सीएम भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

Leave Your Comment

 

 

Top